बच्चों की मौत के विरोध में प्रदर्शन फोटो सोर्स- नवभारत
बालाघाट

29 बच्चों की मौत के विरोध में बालाघाट बंद! सड़क पर उतरे सामाजिक संगठन, हटाए गए CMHO

Balaghat CMHO Removed : बालाघाट में बच्चों की मौत के विरोध में सामाजिक संगठनों ने बंद बुलाया है। बाजार बंद रहे, आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई। विरोध के बीच CMHO डॉ. परेश उपलव हटाए गए।

मनीष तिवारी, प्रीतेश जैन

Balaghat Bandh News : बालाघाट जिले के सुदूर ग्रामीण और बैगा बहुल इलाकों में बच्चों की लगातार मौतों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच गुरुवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बालाघाट बंद का आह्वान किया। बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सब्जी मंडी समेत कई संस्थान बंद हैं। संगठनों ने बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदारी तय करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकान और अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। संगठनों की ओर से लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद का समर्थन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भी बंद को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए हैं। शहर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

धरना, आमसभा और निकलेगी संयुक्त रैली

बंद के दौरान दोपहर में धरना और आमसभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और वक्ता बच्चों की मौत, स्वास्थ्य सुविधाओं और पीड़ित परिवारों से जुड़ी मांगों को शासन-प्रशासन के सामने रखेंगे। इसके बाद संयुक्त रैली निकाली जाएगी, जो कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर समाप्त होगी। यहां कलेक्टर को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।

29 बच्चों की मौत का दावा, प्रशासन ने 9 मौतें मानीं

मामला बालाघाट जिले के बिरसा ब्लॉक से जुड़ा है, जहां बीते दिनों में मलेरिया, मिजल्स, कुपोषण, त्वचा संबंधी बीमारी और अन्य बीमारियों से बच्चों की मौत की बात सामने आई है। सामाजिक संगठनों की ओर से कम से कम 29 बच्चों की मौत का दावा किया जा रहा है, जबकि प्रशासन फिलहाल नौ मौतों की पुष्टि कर रहा है। मौतों के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

बीमारी के कारणों को लेकर उठ रहे सवाल

बच्चों की मौत के पीछे कई संभावित कारण सामने आ रहे हैं। नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों में समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं और टीकाकरण नहीं पहुंच पाना भी एक वजह माना जा रहा है। इसके अलावा दूषित पानी, कुपोषण और संक्रामक बीमारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बच्चों की मौत के बाद जिला अस्पताल में उपचार और सुविधाएं नहीं मिलने के आरोप भी लगातार लगाए जा रहे हैं।

सरकार ने बालाघाट CMHO को हटाया

बढ़ते विरोध और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच सरकार ने बालाघाट के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. परेश उपलव को पद से हटाने का फैसला लिया है। डिंडौरी के CMHO डॉ. मनोज पांडेय को बालाघाट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग में हुए इस बदलाव को बच्चों की मौत के मामले में प्रशासनिक स्तर पर उठाए गए महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बैगा परिवारों से की थी मुलाकात

बच्चों की मौत के मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी प्रभावित बैगा परिवारों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। अब सामाजिक संगठनों की मांग है कि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए और बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ जल्द और कड़ी कार्रवाई की जाए।

अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद फिर बिगड़ी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की तबीयत, बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रवाना

Ram Mandir Trust: जितेंद्र मिश्रा ने संभाला CEO का पदभार, कहा- राष्ट्र सेवा के बाद अब रामभक्तों की करेंगे सेवा

थप्पड़ मारे, कुर्ता फाड़ा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ही नेता को पीटा, राजस्थान में बवाल पर पार्टी का एक्शन

पाकिस्तान में 100 साल पुराने हिंदू मंदिर पर बवाल, भारत ने लगाई कड़ी फटकार, कहा- जिम्मेदार लोगों पर हो कार्रवाई

पाकिस्तान को धूल चटाने वाले अभिनंदन वर्धमान ने छोड़ी वायुसेना, अर्ली रिटायरमेंट का ऐलान, अब करेंगे ये काम