Balaghat Bagh River Flood: मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर बहने वाली बाघ नदी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। अंधियाटोला (मध्यप्रदेश) और गल्लाटोला (महाराष्ट्र) के बीच बने पुल के पास नदी किनारे खड़े दो बड़े वाहन तेज बहाव में बह गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कुछ वाहन नदी किनारे ही खड़े कर दिए गए थे। लेकिन बीते कुछ घंटों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते बाघ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और स्थिति बेकाबू हो गई। देखते ही देखते नदी का तेज बहाव किनारे खड़े वाहनों को अपने साथ बहाकर ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह से ही क्षेत्र में तेज बारिश लगातार जारी थी और नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। इसके बावजूद वाहन समय रहते सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाए जा सके। तेज बहाव में दोनों बड़े वाहन कुछ ही मिनटों में नदी में समा गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद तक भी प्रशासन या कोई राहत एवं बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन वहां से हटा दिए जाते तो इस नुकसान को रोका जा सकता था।
इस बीच क्षेत्र में लगातार बारिश को देखते हुए यह भी जानकारी सामने आ रही है कि नदी किनारे अभी भी कई अन्य वाहन खड़े हैं, जिससे उनके भी बहने का खतरा बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाने की मांग की है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और पुलों के आसपास न जाएं, क्योंकि लगातार बारिश के कारण बाघ नदी सहित आसपास के कई जलस्रोत उफान पर हैं।
ये भी पढ़ें : पहली ही बारिश में खुली विकास की पोल: रीवा में एंबुलेंस नहीं पहुंची गांव, महिला को खाट पर अस्पताल ले गए ग्रामीण
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले घंटों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सतर्कता की जरूरत बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।