बची दाल से चीला, चावल से टिक्की और रोटी से नया रोल बनाया जा सकता है।
पका हुआ खाना दो घंटे के भीतर फ्रिज में रखना फूड सेफ्टी के लिहाज से जरूरी है।
खाने की बर्बादी कम करने के लिए जरूरत के हिसाब से खाना बनाएं और बची सामग्री का सही इस्तेमाल करें।
Leftover Food Recipes: खाना बनाते समय अक्सर थोड़ा-बहुत भोजन बच जाना आम बात है। कभी दाल ज्यादा बन जाती है, तो कभी चावल या रोटियां बच जाती हैं। कई घरों में इन्हें अगले दिन गर्म करके खा लिया जाता है, जब कि कई घरों में इसे खाने के बजाय फेंक दिया जाता है। लेकिन थोड़ी समझदारी से इन्हीं चीजों से एक नया और स्वादिष्ट मील तैयार किया जा सकता है। इससे न केवल खाने की बर्बादी कम होगी, बल्कि हर बार नई डिश बनाने की मेहनत भी बचेगी।
16 अक्टूबर को मनाए जाने वाले वर्ल्ड फूड डे का उद्देश्य भोजन, पोषण और खाद्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, दुनिया में पर्याप्त भोजन होने के बावजूद बड़ी आबादी भूखे सोती है या फिर स्वस्थ आहार से वंचित है। ऐसे में भोजन की कद्र करना और उसे बर्बाद होने से बचाना भी जरूरी है। इस साल की थीम है- Innovate today. Nourish tomorrow.
अगर रात की दाल बच गई है, तो उसे सुबह के नाश्ते में चीला बनाकर इस्तेमाल कर सकती हैं। दाल में थोड़ा बेसन या आटा, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। इसका एक अच्छा घोल तैयार करें और तवे पर थोड़ा तेल लगाकर इसे चीले की तरह सेंक लें। दाल में पहले से नमक और मसाले हैं, इसलिए अतिरिक्त मसाला डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसे किसी भी चटनी के साथ परोसें।
बचे हुए चावल की टिक्की बनाने के लिए उबला हुआ आलू, बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और जरूरत के अनुसार थोड़ा बेसन मिलाएं। मिश्रण से छोटी टिक्कियां बनाकर तवे पर कम तेल में दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इन्हें दही या घर की चटनी के साथ इंजॉय करें। बचे हुए चावल में पानी डालकर ओवर नाइट फर्मेंट करके भी अगले दिन खाया जा सकता है। इससे बहुत अच्छी गट फ्रेंडली पंता भात बनाई जा सकती है।
बची हुई रोटियों को फेंकने के बजाय उनसे वेज रोल बनाया जा सकता है। रोटी पर हरी चटनी लगाएं और उसमें ताजी कुक की हुई सब्जी, पनीर या उबले चने की फिलिंग भरें। रोटी को रोल करके तवे पर हल्का सेंक लें। बच्चों के टिफिन या शाम के नाश्ते के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।
अगर सूखी आलू, गोभी या मिक्स वेज की सब्जी बची है, तो उसे अच्छी तरह मैश करके स्टफ्ड पराठा बनाया जा सकता है। जरूरत के अनुसार मसाले और हरा धनिया मिलाएं, फिर पराठा बेलकर तवे पर सेंक लें। ध्यान रहे कि सब्जी सुरक्षित तरीके से रखी गई हो और उसमें खट्टापन, फफूंद या खराब होने के संकेत न हों।
बची हुई दाल को थोड़ा पानी डालकर गर्म करें और उसमें ताजी पकी हुई सब्जियां मिलाएं। जरूरत के अनुसार काली मिर्च, जीरा या थोड़ा नींबू डालने से स्वाद बढ़ जाएगा। अगर सब्जी और दाल पहले से मसालेदार हैं, तो अतिरिक्त नमक डालने से बचें। इस तरह अलग-अलग बर्तनों में बची थोड़ी-थोड़ी सामग्री से एक नया मील तैयार हो सकता है।
खाने की बर्बादी कम करने का मतलब यह नहीं है कि हर बची चीज को किसी भी हालत में इस्तेमाल कर लिया जाए।
दो घंटे का नियम अपनाएं: पके हुए भोजन को कमरे के तापमान पर दो घंटे से ज्यादा न छोड़ें। गर्म मौसम में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर हो, तो इसे एक घंटे के भीतर फ्रिज में रखना बेहतर है।
छोटे डिब्बों में रखें: बचे खाने को साफ, ढके हुए और कम गहराई वाले डिब्बों में रखकर जल्दी फ्रिज में रखें।
अच्छी तरह गर्म करें: फ्रिज से निकाले खाने को दोबारा गर्म करते समय वह पूरे हिस्से में अच्छी तरह गर्म होना चाहिए। सूप और ग्रेवी को उबाल तक लाएं।
खराब होने के संकेतों को नजरअंदाज न करें: फफूंद, अलग तरह की गंध या बनावट दिखे तो खाना फेंक दें।
जितनी जरूरत हो, उतना बनाएं: पहले से भोजन की योजना बनाएं, बची सामग्री को समय पर इस्तेमाल करें और नई डिश बनाते समय उसकी मात्रा का ध्यान रखें।