Tart Cherry Juice Benefits: एथलीट व खिलाडियों की जीवनशैली बेहद अनुशासित होती है। भारत की स्टार बैडमिंटन प्लेयर पी वी सिंधु से लेकर क्रिकेटर विराट कोहली तक सब अपनी फिटनेस और अनुशासित लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते हैं।
हाल ही पी वी सिंधु ने बताया कि वह रात को सोने से पहले टार्ट चेरी जूस पीना पसंद करती हैं। उनका मानना है कि यह न सिर्फ अच्छी नींद लेने में मदद करता है, बल्कि रिकवरी में भी फायदेमंद हो सकता है। यही वजह है कि यह ड्रिंक खिलाड़ियों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
टार्ट चेरी सामान्य मीठी चेरी से अलग होती है। इसका स्वाद हल्का खट्टा होता है और इसमें मेलाटोनिन, एंथोसायनिन और पॉलीफेनॉल जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर में इंफ्लेमेशन को कम करता है और स्लीप साइकिल को बेहतर बनाता है।
पीवी सिंधु के अनुसार, वह सोने से पहले टार्ट चेरी जूस पीती हैं क्योंकि इससे शरीर को आराम मिलता है और अच्छी नींद लेने में मदद मिलती है। खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त नींद मसल रिकवरी और अगले दिन बेहतर प्रदर्शन के लिए बेहद जरूरी होती है।
टार्ट चेरी जूस में मौजूद प्राकृतिक मेलाटोनिन और एंटीऑक्सीडेंट कुछ लोगों में नींद की गुणवत्ता बेहतर करने और रिकवरी में मदद करते हैं। हालांकि, इसका प्रभाव हर व्यक्ति में अलग-अलग होता है।
डाइट एक्सपर्ट्स के अनुसार, टार्ट चेरी जूस कोई जादुई उपाय नहीं है। अगर आपको डायबिटीज है या आप शुगर कंट्रोल कर रहे हैं, तो पैक्ड जूस लेने से पहले उसके लेबल में मौजूद शुगर की मात्रा जरूर देखें। किसी भी नए हेल्थ ड्रिंक को अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना बेहतर होता है।