Priyanka Chopra Mental Health Guide: हम सभी अपने जीवन में सफल होना चाहते हैं, जिसके लिए हम एक लक्ष्य सुनिश्चित करते हैं और फिर उसे पाने के लिए योजना बनाते हैं। जिसका पालन करते हुए कड़ी मेहनत भी करते हैं, लेकिन कई बार चीजें हमारी योजना के अनुसार नहीं होती है। कहते हैं 'The Future has its own destiny.’
ऐसे में कई बार निराशा, तनाव और मानसिक दबाव बढ़ जाता है। हाल ही में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने एक पॉडकास्ट के दौरान इसी विषय पर अपनी राय साझा की और बताया कि हर चीज को अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश करना हर बार सही नहीं होता है।
बातचीत के दौरान एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि जब हम किसी चीज को बहुत कसकर पकड़कर रखते हैं और चाहते हैं कि सब कुछ हमारी इच्छा के अनुसार ही हो, तो यह मानसिक रूप से बेहद थका देने वाला हो सकता है।
प्रियंका ने कहा कि जीवन में मेहनत करना और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अगर इसका रिजल्ट हमारी उम्मीदों से अलग आए, तो उसे भी स्वीकार करना आना चाहिए। कई बार जिंदगी हमें वही देती है जिसकी हमें वास्तव में जरूरत होती है, भले ही वह हमारी इच्छा से अलग हो।
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि जीवन के हर पहलू को नियंत्रित करने की कोशिश करने से तनाव, चिंता और निराशा बढ़ सकती है। जब हमारा ध्यान केवल फल पर यानी परिणाम पर केंद्रित करता है, तो छोटी-छोटी असफलताएं भी लोग बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं और यही उन्हें मानसिक तनाव देता है।
इसके विपरीत, परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए अपनी पूरी मेहनत जारी रखना मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद कर सकता है। इसका मतलब हार मान लेना नहीं, बल्कि उन चीजों को वैसे ही स्वीकार करना है, जो हमारे नियंत्रण से बाहर हैं।
मानसिक तनाव और चिंता कम हो सकती है।
असफलताओं से उबरना आसान हो सकता है।
इमोशनली मजबूत होते हैं और बेहतर संतुलन बना रहता है।
परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता बढ़ती है।
लक्ष्य पर ध्यान बने रहते हुए मानसिक शांति मिलती है।
विशेषज्ञ भी मानते हैं कि 'स्वीकार करना' और 'हार मान लेना' दोनों अलग बातें हैं। अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करना जरूरी है, लेकिन हर परिणाम को नियंत्रित करने की कोशिश करने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना ही बेहतर है। इससे मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। यही संतुलित सोच व्यक्ति को लंबे समय तक प्रेरित और सकारात्मक बनाए रखने में मदद करती है।