सामान्य थकान समझकर न टालें डायबिटीज के शुरुआती संकेत।
बार-बार पेशाब आना और मुंह सूखना है खतरे की घंटी।
बिना डाइटिंग तेजी से वजन घटना हो सकता है डायबिटीज।
अनदेखी करने पर दोगुना हो जाता है हार्ट अटैक का खतरा।
किडनी फेलियर और आंखों की रोशनी जाने का रहता है डर।
Early Symptoms of Diabetes Disease: दुनिया भर में मधुमेह यानी डायबिटीज आज के समय की सबसे तेजी से फैलने वाली बीमारियों में से एक बन चुकी है। डॉक्टर इसे अक्सर 'साइलेंट किलर' कहते हैं, क्योंकि इसके शुरुआती संकेत इतने आम होते हैं कि ज्यादातर लोग इन्हें रोजमर्रा की थकान या बदलते मौसम का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।
हर साल 14 नवंबर के दिन दुनिया भर में मधुमेह से बचने के लिए World Diabetes Day मनाया जाता है। इस मौके पर हम पाठकों से खास जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे 'साइलेंट किलर' कही जाने वाली बीमारी से बच सकते हैं। साथ ही साथ घर-परिवार के लोगों को बचा सकते हैं।
WHO और अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ के विशेषज्ञों का साफ कहना है कि अगर समय रहते इन संकेतों को नहीं पहचाना गया, तो यह बीमारी शरीर के कई जरूरी अंगों को अंदर ही अंदर खोखला कर सकती है। इसलिए आज इस बीमारी को लेकर कुछ जरुरी बातें बता रहे हैं।
अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन (ADA) के मुताबिक, जब खून में ग्लूकोज का स्तर बढ़ता है, तो किडनी अतिरिक्त शुगर को छानकर बाहर निकालने के लिए ज्यादा मेहनत करने लगती है। इसी वजह से व्यक्ति को सामान्य दिनों के मुकाबले बार-बार, खासकर रात के समय पेशाब जाना पड़ता है। वहीं, लगातार पेशाब जाने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन होने लगता है। इसकी भरपाई के लिए दिमाग बार-बार प्यास का सिग्नल भेजता है और पानी पीने के बाद भी हर वक्त मुंह व गला सूखा महसूस होता है।
डायबिटीज होने पर शरीर की कोशिकाएं भोजन से मिलने वाले ग्लूकोज को ऊर्जा में ठीक से नहीं बदल पातीं। शरीर में ऊर्जा की इसी कमी के कारण पूरी नींद लेने के बावजूद इंसान हर समय सुस्त, कमजोर और थका हुआ महसूस करता है। इसके अलावा, अगर आप बिना किसी डाइटिंग या भारी कसरत के अपना वजन तेजी से घटता हुआ देख रहे हैं, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। जब शरीर को ग्लूकोज से ताकत नहीं मिलती, तो वह जमा चर्बी और मांसपेशियों को गलाकर ऊर्जा लेने लगता है, जिससे वजन अचानक गिरने लगता है।
हाई ब्लड शुगर शरीर में खून के बहाव को धीमा कर देता है। इसका सीधा असर यह होता है कि शरीर पर लगी कोई मामूली चोट, खरोंच या घाव भी ठीक होने में बहुत लंबा समय लेता है। इसके साथ ही खून में शुगर बढ़ने से आंखों के लेंस में मौजूद तरल पदार्थ के स्तर में बदलाव आने लगता है, जिससे व्यक्ति को चीजें धुंधली दिखाई देने लगती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें से कोई भी लक्षण दिखते ही बिना देरी किए ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।
मेयो क्लिनिक और CDC की रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक शुगर कंट्रोल न रखने पर हार्ट और किडनी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचता है। डायबिटीज की वजह से खून की नसें सख्त और संकरी हो जाती हैं, जिससे आम लोगों के मुकाबले हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा दोगुना हो जाता है। दूसरी तरफ, लगातार हाई शुगर किडनी की बेहद महीन रक्त वाहिकाओं को खराब कर देती है। सही समय पर इलाज न मिलने पर किडनी काम करना बंद कर देती है, जिससे मरीज को डायलिसिस या किडनी ट्रांसप्लांट तक कराना पड़ सकता है।
खून में बढ़ी हुई शर्करा आंखों के रेटिना की बारीक नसों को नुकसान पहुंचाती है, जिससे मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और गंभीर स्थिति में हमेशा के लिए आंखों की रोशनी जाने का खतरा बढ़ जाता है। आपके चश्मे का नंबर बार-बार बदलना पड़ सकता है।
इसके साथ ही साथ शरीर के विभिन्न हिस्सों में नसों को पोषण देने वाला सिस्टम भी खराब होने लगता है, जिससे हाथ-पैरों में झुनझुनी, जलन, तेज दर्द या सुन्नपन होने लगता है। नसें सुन्न होने और खून का बहाव कम होने से पैरों में हुआ मामूली छाला या घाव भी डायबिटिक फुट में बदल जाता है, जिसके चलते कई बार ऐसे मरीजों की जान बचाने के लिए पैर या अंगूठा तक काटना पड़ता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि थोड़ी सी जागरूकता अपनाकर डायबिटीज और उससे होने वाले इन पांचों बड़े खतरों से पूरी तरह बचा जा सकता है। हर व्यक्ति को साल में कम से कम साल में 2 बार अपना फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट जरूर कराना चाहिए, जिससे डायबिटीज के खतरे का पता समय से चल जाता है और बीमारी का पहले लेवल पर ही इलाज संभव हो जाता है। लोग परहेज करना शुरू करके बीमारी को बढ़ने से बचा सकते हैं।
इसके साथ ही अपनी अपनी थाली में संतुलित और पौष्टिक आहार शामिल करके और कामकाज व पारिवारिक जीवन के तनाव से दूर रहने की भी सलाह दी जाती है। इतना ही नहीं, स्वस्थ जीवन जीने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलने या शारीरिक कसरत करने की आदत डालनी चाहिए। ऐसी-छोटी-छोटी सी पहल आपको एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन दे सकती है।