Signs of Vitamin D Deficiency: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बंद कमरों वाले वर्क कल्चर के कारण हम सूरज की रोशनी से दूर होते जा रहे हैं। इसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ रहा है खासकर विटामिन D के स्तर पर। विटामिन D जिसे सनशाइन विटामिन भी कहा जाता है हमारे शरीर की हड्डियों, इम्यून सिस्टम और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
अक्सर लोग विटामिन D की कमी को तब तक नहीं पहचान पाते जब तक कि समस्या गंभीर न हो जाए। लेकिन हमारा शरीर हमें कुछ सूक्ष्म संकेत देना शुरू कर देता है। आइए जानते हैं उन 5 लक्षणों के बारे में जिन्हें आपको कभी इग्नोर नहीं करना चाहिए।
क्या आप रात भर सोने के बाद भी सुबह उठते ही थकान महसूस करते हैं। विटामिन D की कमी का सबसे पहला और सामान्य लक्षण है ऊर्जा की कमी। रिसर्च बताती है कि खून में विटामिन D का स्तर बहुत कम होने पर व्यक्ति को दिन भर कमजोरी और सुस्ती महसूस हो सकती है जो उसकी वर्क लाइफ क्वालिटी को प्रभावित करती है।
विटामिन D शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। अगर इसकी कमी हो जाए तो हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। यदि आपको अक्सर पीठ के निचले हिस्से में या जोड़ों में दर्द रहता है तो यह आपकी हड्डियों के खराब स्वास्थ्य का संकेत हो सकता है।
क्या आपको कोई चोट लगी है और वह ठीक होने में सामान्य से अधिक समय ले रही है। विटामिन D शरीर के घावों को भरने और नए ऊतकों (Tissues) के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सर्जरी या चोट के बाद रिकवरी धीमी होना विटामिन D के निम्न स्तर का संकेत है।
यह भी पढ़ें:- गर्मियों में हर समस्या का रामबाण इलाज है ओडिशा की यह पारंपरिक ड्रिंक, स्वाद ऐसा कि बार-बार मांगेंगे!
हालांकि बाल झड़ना तनाव या जेनेटिक्स का कारण हो सकता है लेकिन विटामिन D की कमी भी इसका एक बड़ा कारक है। खासकर एलोपेसिया एरीटा जैसी स्थिति में विटामिन D का स्तर काफी कम पाया जाता है। अगर कंघी करते वक्त गुच्छों में बाल निकल रहे हैं तो तुरंत जांच करवाएं।
सिर्फ हड्डियां ही नहीं मांसपेशियों के स्वास्थ्य के लिए भी यह विटामिन जरूरी है। विटामिन D के रिसेप्टर्स नसों की कोशिकाओं में मौजूद होते हैं जो दर्द को महसूस करते हैं। इसकी कमी से मांसपेशियों में पुरानी जकड़न और दर्द महसूस हो सकता है।
विटामिन D की कमी को पूरा करने के लिए सुबह 10 से 15 मिनट की गुनगुनी धूप सबसे कारगर है। इसके अलावा अपनी डाइट में फैटी फिश, अंडे की जर्दी, मशरूम और फोर्टिफाइड फूड्स शामिल करें। यदि लक्षण गंभीर हैं तो डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स लेना एक बेहतर विकल्प है।