Navratri Vrat Special Lauki Barfi Recipe: नवरात्रि में व्रत के दौरान मीठा खाने का मन हो, तो हर बार साबूदाने की खीर या मखाने की मिठाई बनाने के अलावा लौकी से बनी बर्फी भी बना सकते हैं। लौकी की हल्की मिठास, मावे का मलाईदार टेक्स्चर और इलायची की खुशबू इस मिठाई को खास बनाती है।
लौकी में पानी काफी अधिक होता है। अगर इसे अच्छी तरह नहीं पकाया गया, तो बर्फी जमने के बजाय नरम और चिपचिपी बन सकती है। वहीं, मिश्रण को जरूरत से ज्यादा पकाने पर बर्फी सख्त हो सकती है। इसलिए इस रेसिपी में सामग्री के साथ-साथ पकाने का सही तरीका जानना भी जरूरी है।
इस रेसिपी से लगभग 12-16 छोटे बर्फी के पीसेज तैयार हो सकते हैं।
कद्दूकस की हुई लौकी- 500 ग्राम
मावा- 150 ग्राम
दूध- आधा कप
चीनी- 100-120 ग्राम, स्वाद के अनुसार
देसी घी- 2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
कटे हुए बादाम और पिस्ता- 2 बड़े चम्मच
लौकी की रेसिपी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धो लें। इसे छीलकर बीच का बीज वाला हिस्सा जरूरत के अनुसार निकालें और लौकी को कद्दूकस कर लें। कद्दूकस करने के बाद इसे बहुत देर तक खुला न छोड़ें, ताकि इसका रंग और ताजगी बनी रहे।
एक भारी तले की कड़ाही में एक बड़ा चम्मच घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि लौकी कड़ाही के तले में चिपके नहीं।
लौकी पहले पानी छोड़ेगी। इसे तब तक पकाएं, जब तक इसका ज्यादातर पानी सूख न जाए और इसकी कच्ची खूशबू कम न हो जाए। बर्फी का टेक्सचर सही रखने के लिए यह सबसे जरूरी है।
अब दूध डालकर लौकी को कुछ मिनट और पकाएं। जब दूध अच्छी तरह मिल जाए और मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब मावा डालें। लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि मावा और लौकी एकसार हो जाएं।
मिश्रण गाढ़ा होने के बाद चीनी डालें। चीनी मिलाते ही मिश्रण दोबारा पानी छोड़ सकता है, इसलिए इस समय आंच मध्यम रखें और लगातार चलाते रहें। मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ी न हो जाए और वह कड़ाही के किनारों को छोड़ने लगे। इसे बहुत ज्यादा सूखाने से बचें, क्योंकि ठंडा होने पर बर्फी और सख्त हो सकती है।
फलाहारी रेसिपी में अब इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम-पिस्ता डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अंत में बचा हुआ एक बड़ा चम्मच घी मिलाएं, इससे स्वाद और बनावट बेहतर होती है। मिश्रण इतना गाढ़ा होना चाहिए कि उसे आसानी से थाली में फैलाया जा सके।
एक थाली या ट्रे पर हल्का घी लगाएं। तैयार मिश्रण को उसमें डालकर चम्मच या स्पैचुला से बराबर फैला दें। ऊपर से थोड़े मेवे डालें और हल्के हाथ से दबा दें। मिश्रण को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें। फिर जरूरत के अनुसार कुछ समय फ्रिज में रखकर सेट करें। जमने के बाद चाकू से चौकोर या डायमंड आकार में काट लें।