इमोशनल अब्यूज फोटो.सोशल मीडिया
लाइफस्टाइल

Emotional Abuse: प्यार के नाम पर कहीं आपको कंट्रोल तो नहीं किया जा रहा? रिश्ते में इमोशनल अब्यूज के 7 संकेत

Signs Of Emotional Abuse: रिश्ते में केयर और कंट्रोल के बीच फर्क समझना जरूरी है। आलोचना, दोस्तों से दूरी और फैसला लेने पर रोक इमोशनल अब्यूज के संकेत हो सकते हैं। जानें ऐसे रिश्ते को कैसे पहचानें।

रीता राय सागर

Highlights:

  • रिश्ते में लगातार आलोचना, अपमान और दोस्तों-परिवार से दूर करने की कोशिश इमोशनल अब्यूज के संकेत हैं।

  • हर फैसले पर नियंत्रण रखना, अपनी गलती का दोष आप पर डालना और आपकी भावनाओं को नकारना भी अब्यूज है।

  • धमकी, डर या दबाव महसूस होने पर चुप रहने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें।

Emotional Abuse In Relationship: किसी भी रिश्ते में एक-दूसरे का ख्याल रखना, चिंता करना और जरूरत पड़ने पर समझौता करना स्वाभाविक है, लेकिन जब यही लव और केयर धीरे-धीरे रोक-टोक, दबाव और कंट्रोल में बदलने लगे, तो इसे प्यार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

शुरुआत में यह केयर लगता है, बाद में यही रिश्ते में दरार की वजह बनने लगती है। यह इतना धीरे-धीरे शुरू होता है कि व्यक्ति को इसका एहसास भी नहीं होता। उसे लगने लगता है कि शायद पार्टनर का व्यवहार उसकी भलाई के लिए है या रिश्ते को बचाने के लिए ऐसा करना जरूरी है।

रिश्ते में इमोशनल अब्यूज के 7 संकेत

हर बात पर आपकी आलोचना करना

पार्टनर का कभी-कभार किसी बात पर असहमत हो जाना सामान्य है, लेकिन अगर वह लगातार आपके पहनावे, काम, रूप-रंग, सोच या फैसलों का मजाक उड़ाता है, तो यह भावनात्मक शोषण का संकेत हो सकता है।

दोस्तों और परिवार से दूर करने की कोशिश

अगर पार्टनर आपके दोस्त, सहकर्मी या परिवार के सदस्यों से मिलने पर नाराज होता है, बातचीत करने से रोकता है या हर बार मिलने के बाद झगड़ा करता है, तो यह नियंत्रण करने का तरीका होता है। धीरे-धीरे आप अपने करीबी लोगों से दूरी बनाने लगते हैं और इमोशनली सिर्फ पार्टनर पर निर्भर हो जाते हैं।

हर फैसले पर अपना अधिकार जताना

आपके रिश्ते में अगर आप क्या पहनेंगे, किससे मिलेंगे, कहां जाएंगे या पैसे कैसे खर्च करेंगे, जैसे डिसीजन आपका पार्टनर ही लेता है, तो इसे सामान्य चिंता नहीं कहा जा सकता। स्वस्थ रिश्ते में दोनों की पसंद, जरूरत और फ्रीडम का सम्मान किया जाता है। हर छोटी-बड़ी बात पर अनुमति लेने का दबाव इमोशनल अब्यूज का संकेत होता है।

आपको हर गलती के लिए जिम्मेदार ठहराना

हर झगड़े के बाद आपको ही माफी मांगनी पड़ती है, पार्टनर अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय हर बार आपको ही दोषी बताए, अगर वह कहता है कि उसके गुस्से, गलत व्यवहार या नाराजगी की वजह आप ही हैं, तो यह भी इमोशनल प्रेशर होता है।

आपकी भावनाओं को बार-बार गलत बताना

रिलेशनशिप में अगर आप अपनी परेशानी बताते हैं और पार्टनर उसे नाटक, ओवररिएक्शन या बेवजह की शिकायत कहकर टाल देता है, तो यह आपकी फीलिंग को नजरअंदाज करना है। बार-बार ऐसा होने पर व्यक्ति अपनी तकलीफ को व्यक्त करने से भी डरने लगता है।

प्यार और चुप्पी को सजा की तरह इस्तेमाल करना

हर व्यक्ति को कभी-कभी अकेले रहने या शांत होने के लिए समय चाहिए। लेकिन जानबूझकर कई दिनों तक बात बंद रखना, आपको अनदेखा करना या अपनी बात मनवाने के लिए प्यार और अपनापन रोक देना भावनात्मक दबाव हो सकता है।

धमकी देकर रिश्ते में बनाए रखना

अगर पार्टनर बार-बार रिश्ता खत्म करने, खुद को नुकसान पहुंचाने, आपकी निजी बातें सार्वजनिक करने या आपको बदनाम करने की धमकी देता है, तो इसे हल्के में न लें। ऐसी धमकियां डर और असुरक्षा पैदा करके आपको रिश्ते में बने रहने या उसकी शर्तें मानने के लिए मजबूर कर सकती हैं।

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 2021 और 2024 के कानून रद्द, यूपी के कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी सेवा की पेंशन

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट