कुछ इनडोर प्लांट्स इवैपोरेशन के जरिए घर की हवा में नमी बढ़ाते हैं।
पौधों की पत्तियों पर धूल जमा होती है, इसलिए उन्हें नियमित साफ करना जरूरी है।
इनडोर प्लांट्स हवा के प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम करने वाले एयर प्यूरीफायर का पूरी तरह से विकल्प नहीं हैं।
Best Indoor Plants For Home: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही कई शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ने लगता है। घर के अंदर भी धूल-मिट्टी और शुष्क हवा की समस्या परेशान करने लगती है। ऐसे में घर को हरा-भरा बनाने के लिए इनडोर प्लांट्स एक अच्छा विकल्प हैं।
कुछ पौधे पत्तियों पर धूल के कणों को जमा करते हैं और हवा में नमी बढ़ाने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 इनडोर प्लांट्स के बारे में, जिन्हें आप अपने घर में लगा सकते हैं।
एरेका पाम अपने लंबे, हरे और पंखों जैसे पत्तों के कारण घर की सजावट के लिए खासा पसंद किए जाते है। पौधा वाष्पोत्सर्जन की प्रक्रिया के जरिए हवा में नमी छोड़ता है, जिससे शुष्क वातावरण में कुछ राहत मिलती है। इसके पत्तों पर धूल भी जमा होती है, इसलिए समय-समय पर उन्हें साफ करना जरूरी है। इस पौधे को इन डायरेक्ट लाइट और नियमित पानी की जरूरत होती है।
रबर प्लांट के मोटे और चौड़े पत्ते इसे आकर्षक बनाते हैं। इन पत्तों पर हवा में मौजूद धूल के कण जम जाते हैं। नियमित रूप से गीले मुलायम कपड़े से पत्तियों को साफ करने से धूल हटाने में मदद मिलती है। यह पौधा समय-समय पर धूप दिखाने से यह अच्छी तरह बढ़ता है। ध्यान रखें कि इसका दूधिया रस त्वचा में जलन पैदा करता है और पालतू जानवरों के लिए हानिकारक होता है।
बोस्टन फर्न उन पौधों में शामिल है जिन्हें नम वातावरण पसंद है। इसकी पत्तियों से होने वाला वाष्पोत्सर्जन आसपास की हवा में नमी बढ़ाने में मदद करता है। यह पौधा उन कमरों के लिए अच्छा विकल्प है जहां हवा बहुत शुष्क रहती है। इसे अप्रत्यक्ष रोशनी, नम मिट्टी और पर्याप्त नमी की जरूरत होती है। मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें, लेकिन गमले में पानी जमा होने से भी बचें।
इंग्लिश आइवी अपनी बेलों और अनोखे आकार की पत्तियों के कारण इनडोर डेकोरेशन में इस्तेमाल किया जाता है। इसकी पत्तियों पर धूल और कुछ दूसरे कण जमा हो सकते हैं। इस पौधे को अप्रत्यक्ष रोशनी और संतुलित पानी की जरूरत होती है। इसके पत्ते खाने पर इंसानों और पालतू जानवरों के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसलिए इसे बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखें।
पीस लिली अपने सफेद फूलों और चौड़े हरे पत्तों के लिए जानी जाती है। यह पौधा वाष्पोत्सर्जन के जरिए हवा में कुछ नमी छोड़ता है। इसकी देखभाल के लिए अप्रत्यक्ष रोशनी और नम मिट्टी उपयुक्त रहती है। पीस लिली को हवा शुद्ध करने वाला पौधा कहा जाता है। यह पौधा पालतू जानवरों के लिए विषैला होता है।
इनडोर प्लांट्स घर को सुंदर बनाने, प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाने और घर में नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। सर्दियों में प्रदूषण से बचाव के लिए कमरे में वेंटिलेशन का सही प्रबंधन करें, बाहर की हवा की गुणवत्ता खराब होने पर खिड़कियां बंद रखें और जरूरत पड़ने पर उपयुक्त HEPA फिल्टर वाले एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।