Kishtwar SPO Bodies Recovered: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के दच्चन इलाके से लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) के शव गुरुवार तड़के बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि उनके शवों पर गोली के निशान थे।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार नहीं मिले हैं, जिससे इस घटना में आतंकवादियों के शामिल होने का शक और गहरा गया है। मृतकों की पहचान बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे। वे बुधवार को अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे।
इस आतंकी हमले और जवानों की हत्या के बाद किश्तवाड़ा में आक्रोश भड़क उठा है। किश्तवाड़ में लापता हुए दो SPO के शव बरामद होने के बाद सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं और युद्धस्तर पर आतंकियों की तलाश की जा रही है।
किश्तवाड़ से BJP विधायक शगुन परिहार ने कहा, "यह एक बेहद दुखद घटना है। हमारे दो SPO की हत्या कर दी गई है। कल रात उनके लापता होने की सूचना मिली थी और आज सुबह उनके शव बरामद हुए। एक शव सुबह करीब 8 बजे मिला, और दूसरा शव सुबह करीब 9 बजे मिला। यह बहुत ही दुखद है। पाकिस्तान अपनी नापाक साजिशों से बाज नहीं आ रहा है। हम गृह मंत्री से अपील करते हैं कि इन दो SPO की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत सजा दिलाई जाए। हमारी मांग है कि इन दो जिंदगियों के बदले में चार गुना कड़ा जवाब दिया जाए। मैं अभी उस इलाके के लिए निकल रही हूं।"
इस वारदात में लश्कर के कमांडर लतीफ का नाम सामने आया है। लतीफ भट जुलाई में एनकाउंटर से भाग निकला था। 2 आतंकियों के विदेशी होने का शक जताया जा रहा है। झाड़ियों के बीच में आतंकियों के फरार होने की बात सामने आई है। कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। अभी तक आतंकियों का सुराग नहीं मिला है।
खबर अपडेट की जा रही है...