Jammu Kashmir Flood Caused By Heavy Rainfall And River Overflow: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं जबकि राजौरी में तेज बहाव के कारण 200 से ज्यादा वाहन पानी में बह गए। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा और माता वैष्णो देवी यात्रा भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।
सबसे ज्यादा असर राजौरी जिले में देखने को मिला है। लगातार बारिश के बाद धरहल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया जिससे आसपास के इलाके डूब गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज बहाव में 200 से 250 से अधिक वाहन बह गए जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। कई इलाकों में पानी भर गया है और बस स्टैंड भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। निचले क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
राजौरी के अलावा श्रीनगर, उधमपुर और अनंतनाग समेत कई जिलों में भी लगातार बारिश हो रही है। श्रीनगर में सुबह से तेज बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उधमपुर में भी झमाझम बारिश के कारण प्रशासन ने लोगों से बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में तेज बारिश के साथ भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
खराब मौसम और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। किसी भी नए जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
वहीं, कटरा से माता वैष्णो देवी यात्रा भी एहतियात के तौर पर स्थगित कर दी गई है। लगातार बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर पानी भर गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों, नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं। नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जम्मू, उधमपुर और रामबन में बनाए गए निर्धारित आवास केंद्रों में ही ठहरें और प्रशासन के अगले निर्देश का इंतजार करें।
यह भी पढ़ें जम्मू-कश्मीर में बिगड़ा मौसम, अमरनाथ यात्रा के साथ वैष्णो देवी यात्रा भी अस्थायी रूप से स्थगित
लगातार हो रही बारिश और रेड अलर्ट के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राहत एवं बचाव दल संवेदनशील इलाकों में तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्राओं को दोबारा शुरू करने और आगे की स्थिति पर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।