बेंगलुरू: बड़े शहरों में छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं, सेन यो रीटा....आपने फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का ये मशहूर डायलॉग तो सुना ही होगा। लेकिन कर्नाटक के एक मंत्री ने एक आपराधितक घटना को लेकर कुछ ऐसा ही कह दिया, जिस पर विवाद होना तय है। कुछ लोग इसे दिवंगत समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के 'लड़कों से गलतियां हो जाती हैं' वाले बयान से भी जोड़ रहे हैं।
हाल ही में बेंगलुरु की एक गली में एक महिला से एक शख्स द्वारा छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लड़कियां सुनसान गली से गुजर रही हैं। तभी पीछे से एक शख्स दौड़ता हुआ आता है और एक लड़की से छेड़छाड़ कर भाग जाता है। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। अब इस घटना पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने विवादित बयान दिया है।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बेंगलुरु में एक महिला से छेड़छाड़ की घटना पर बयान देते हुए कहा कि ''ऐसी घटनाएं कभी-कभी बड़े शहरों में हो जाती हैं।'' उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। मंत्री ने कहा, ''बड़े शहरों में कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। कानून के तहत जो भी कार्रवाई करनी होगी, की जाएगी। मैंने पुलिस कमिश्नर को बीट पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी निर्देश दिया है।''
भाजपा प्रवक्ता प्रशांत जी ने कहा, 'यह बेहद असंवेदनशील बयान है। क्या वह महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा और अपराध को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं? वह जिम्मेदारी से बच रहे हैं और खुद को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहते। इस मुद्दे पर और हंगामा होने की संभावना है।
3 अप्रैल की सुबह-सुबह बेंगलुरु के सुद्दागुंटेपल्या के भारती लेआउट में दो महिलाएं सड़क पर टहल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि एक युवक अचानक उनके पास आया, एक महिला को दीवार से धक्का दिया और उसके साथ अश्लील हरकतें कर भाग गया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और केस दर्ज कर लिया। घटना पर आक्रोश के बाद पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। लोगों की प्रतिक्रिया मंत्री के बयान पर लोगों ने गुस्सा जताया है। कई लोगों का कहना है कि इस तरह के बयानों से अपराधियों का हौसला बढ़ता है। लोगों ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।