मुंबई. उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) गुट के शिवसेना (यूबीटी) नेता अभिषेक घोसालकर (Abhishek Ghosalkar) को गुरुवार को दहिसर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। उनकी इलाज के दौरान करुणा अस्पताल में मौत हुई। वहीं, आरोपी ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। आरोपी का नाम मौरिस नोरोन्हा है।
मौरिस और अभिषेक के बीच कुछ विवाद था। हालांकि, दोनों ने हाल ही में विवाद सुलझा लिया था। जिसके बाद मौरिस ने घोषालकर को एक कार्यक्रम के लिए अपने कार्यालय में आमंत्रित किया गया था जिसे फेसबुक पर लाइव स्ट्रीम किया जा रहा था।
अभिषेक घोसालकर ठाकरे गुट के नेता और पूर्व विधायक विनोद घोसालकर के बेटे हैं। वह, मुंबई नगर निगम में नगरसेवक के रूप में कार्य कर चुके है। वह मुंबई बैंक के निदेशक भी थे। नागरिकों के मुद्दों को सुलझाने के लिए जाने जाने वाले अभिषेक को आदित्य ठाकरे का करीबी माना जाता था।
मौरिस कथित तौर पर बोरीवली क्षेत्र में एक स्वयंसेवी संगठन चलाता है और स्थानीय राजनीतिक हलकों में एक स्व-घोषित नेता है। अभिषेक घोसालकर को गोली मारने के बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद घोसालकर के समर्थक आक्रामक हो गए और मौरिस के कार्यालय में तोड़फोड़ करने लगे। इस घटना से दहिसर इलाके में तनाव बढ़ गया है जिसके चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना पर आदित्य ठाकरे ने हैरानी जताई और कहा कि अभिषेक घोसालकर ने हाल ही में मातोश्री में उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने मौजूदा स्थिति की आलोचना करते हुए हर तरफ से गुंडागर्दी से निपटने की जरूरत पर जोर दिया था।
राउत ने गोलीबारी की घटना पर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की और राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की। अभिषेक की मौत से पहले संजय राउत ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं रोज कह रहा हूं कि महाराष्ट्र में गुंडाराज है। मुख्यमंत्री और उनका बेटा रोज गैंगस्टर गिरोहों से मिलते हैं। पार्टी में प्रवेश देते हैं। गृह मंत्री गायब हो गए हैं। राज्य गैंगस्टरों के हाथों में है। इसलिए कानून का कोई डर नहीं है। लेकिन पुलिस को शिंदे गिरोह की सेवा के लिए छोड़ दिया गया है। अभिषेक घोसालकर को गोली मारना चौंकाने वाला है। अभिषेक मौत से लड़ रहे हैं और गृह मंत्री फडणवीस चाय-पे पर चर्चा करते घूम रहे हैं! फडणवीस इस्तीफा दें!"
https://twitter.com/rautsanjay61/status/1755628295029445059
राउत ने अभिषेक की मौत के बाद एक और पोस्ट किया और कहा, "महाराष्ट्र में गुंडाराज! अभिषेक घोसालकर को गोली मारने वाला मौरिस नोरोन्हा चार दिन पहले वर्षा बंगले में था। मुख्यमंत्री ने उससे मुलाकात की। मौरिस को शिंदे सेना में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था! गृहमंत्री के रूप में फड़णवीस पूरी तरह विफल हैं! इस्तीफा दें!"
https://twitter.com/rautsanjay61/status/1755639307434594759
वहीं, इस घटना को लेकर पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, "महाराष्ट्र में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, अजीत पवार की एनसीपी पूरी तरह से विफल हो गई है। अब कोई भी सुरक्षित नहीं दिख रहा है। जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की क्या कहें? क्या सरकार खुद ही डर का माहौल बना रही है? क्या विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है? संजय राउत का कहना है कि ये सरकार पोषण कर रही है गुंडे। इसका जीता जागता उदाहरण आज मुंबई में देखने को मिला। इसका जवाब कौन देगा?"
https://twitter.com/ANI/status/1755617662485639353