Weather Forecast Today: उत्तर भारत और दिल्ली एनसीआर में इस समय मौसम करवट बदल रहा है। जहां रात के समय भी गर्मी लगती थी अब पंखे में भी लोग ठंड महसूस कर सकते हैं। रात के समय हल्की ठंड का अहसास और दोपहर के समय गर्मी देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य रहने के आसार हो सकते हैं। आज यानी 19 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल मिलाजुला रह सकता है।
राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 35 डिग्री रह सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक रहेगा। मुंबई और अहमदाबाद के हिस्सों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। दोपहर को धूप के बाद शाम के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश के कारण कई राज्यों में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। जिसकी वजह से घरों में लोगों ने एसी चलाना भी बंद कर दिया है।
यह भी पढ़ें: जयंती विशेष: जानिए ऐसे समाज सुधारक की कहानी, जिन्हें मिले हैं महात्मा गांधी और रेमन मैग्सेसे जैसे कई अवॉर्ड्स
दिल्ली एनसीआर की बात करें तो 25 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर के बीच मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हल्की सर्दी का अहसास इस बीच शुरू हो सकता है। साथ ही उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोग दोपहर में गर्मी और रात के समय सर्दी का लुत्फ ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार असम के कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें लखीमपुर, डिब्रूगढ़, धेमाजी, तिनसुकिया, चराइदेव, धुबरी आदि शामिल है। वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा कर्नाटक के बेलगाम, धारवाड़, गदग, बेल्लारी, हावेरी, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, तुमकुर और उडुपी में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी बन रहे लो प्रेशर एरिया की वजह से कई राज्यों में 20 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर 2024 तक भारी बारिश का संभावना जताई गई है। जिसमें ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार जैसे राज्य शामिल हैं। इसके चलते राज्य में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।