Vladimir Putin India Visit: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए हैं। पुतिन का आधिकारिक विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। जहां उनका स्वागत केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह और अन्य अधिकारियों ने किया। आज राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। अपनी भारत यात्रा के दौरान पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुतिन के भारत दौरे की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन का दिल से स्वागत है। उनका स्वागत राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने एयरपोर्ट पर किया। भारत और रूस के बीच कई तरह के और लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते हैं, जो स्पेशल और प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप पर आधारित हैं।
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति पुतिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे और द्विपक्षीय वार्ताओं में शामिल होंगे। इस बातचीत में सामरिक व्यापार में लचीलापन, सीमा-पार भुगतान तंत्र, ऊर्जा सुरक्षा और पूर्वी यूरोप और पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनावों को लेकर टकराव सुलझाने के तरीकों पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।
क्रेमलिन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पुतिन ग्रुप की 20वीं वर्षगांठ पर भारत की यात्रा करेंगे। मुख्य ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में भारत की अध्यक्षता में होगा। क्रेमलिन ने कहा कि पुतिन 11 सितंबर को सालाना ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे, यह एक ऐसा मंच है जो पारंपरिक रूप से नेताओं के सम्मेलन से पहले होता है और ब्रिक्स देशों के व्यापार प्रतिनिधियों को एक साथ लाता है।
रूस इस समय यूक्रेन युद्ध में उलझा हुआ है, युद्ध शुरू होने के बाद से ऐसे बहुत कम मौके आए हैं जब पुतिन विदेश यात्रा पर गए हैं। इसके चलते उनकी दिल्ली यात्रा से पहले भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां पूरी कर ली थीं। रूसी राष्ट्रपति के एयरपोर्ट से होटल और फिर भारत मंडपम जाने वाले रास्तों पर खास निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा सैकड़ों अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
इसके अलावा व्लादिमीर पुतिन के ठहराने वाले होटलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होटल और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। भारतीय सुरक्षाकर्मियों के अलावा रूसी सुरक्षा टीम भी तैनात है।