डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती फोटो सोर्स- आईएएनएस
देश

शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को नमन, योगी-गडकरी समेत कई नेताओं ने दी शिक्षकों को शुभकामनाएं

Radhakrishnan Jayanti Tribute: शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को देशभर के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ, नितिन गडकरी, मनोहर लाल, रेखा गुप्ता और नायब सैनी ने शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

अंकिता पटेल

Radhakrishnan Jayanti Teachers Day: देश के महान शिक्षाविद, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें याद किया जा रहा है। उनकी जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल टीचर्स अवॉर्ड्स के विजेताओं के साथ की झलकियां साझा की। शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शिक्षक दिवस हमारे समाज में शिक्षकों के अहम योगदान की सराहना करने का दिन है। यह डॉ. एस. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देने का दिन भी है।

नितिन गडकरी ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर डॉ. राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने लिखा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन। साथ ही उन्होंने सभी देशवासियों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मनोहर लाल ने बताया शिक्षकों का महत्व

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों तथा बिजली मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एक उत्कृष्ट शिक्षक बच्चों में केवल ज्ञान और नैतिक आदर्शों का संचार नहीं करता, बल्कि उन्हें सक्षम और मजबूत बनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

सीएम योगी ने राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि

सीएम योगी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा गया, "प्रख्यात शिक्षाविद, महान दार्शनिक, भारतीय ज्ञान-परंपरा के प्रखर संवाहक, पूर्व राष्ट्रपति, 'भारत रत्न' डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। 'राष्ट्र के भविष्य' को ज्ञान, संस्कार व चरित्र की ज्योति से आलोकित करने वाले सभी गुरुजनों को नमन तथा प्रदेश वासियों एवं सभी शिक्षकों को 'शिक्षक दिवस' की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रेखा गुप्ता ने शिक्षकों को बताया मजबूत नींव

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षक जीवन की वह मजबूत नींव होते हैं, जो सही दिशा, प्रेरणा और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाते ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सोचने, सीखने, आगे बढ़ने और जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा भी देते हैं।

नायब सैनी ने शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि ज्ञान, शिक्षा और संस्कारों के जरिए राष्ट्र निर्माण का रास्ता मजबूत होता है। उन्होंने शिक्षा और दर्शन के क्षेत्र में डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को अतुलनीय बताया। सैनी ने शिक्षक दिवस पर देश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरुजन अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाने का काम करते हैं।

भजनलाल शर्मा ने आदर्शों को अपनाने की अपील की

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गुरुओं से प्राप्त ज्ञान और संस्कार जीवन को सही दिशा देते हैं। उन्होंने लोगों से डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को अपनाने और ज्ञान, संस्कार व कर्तव्यनिष्ठा के जरिए मजबूत समाज और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

सम्राट चौधरी ने जताया सम्मान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. राधाकृष्णन को महान शिक्षाविद बताते हुए उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने शिक्षक दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा देने वाले गुरुजनों के प्रति हमेशा सम्मान और आभार व्यक्त करना चाहिए।

पंकज चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य ने भी किया नमन

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन और विचार शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाने की प्रेरणा देते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने डॉ. राधाकृष्णन को महान दार्शनिक और शिक्षाविद बताते हुए उनके शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा को केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण का आधार मानते थे।

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी डॉ. राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन किया और सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का ज्ञान, समर्पण और मार्गदर्शन मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव तैयार करता है।

केन्या ने टाटा केमिकल्स से तोड़ा नाता, 100 साल पुराना समझौता रद्द, शेयर बाजार पर असर, कहा- किसी के गुलाम नहीं

मैं रेवंत का समर्थक हूं, कांग्रेस का नहीं, एक मंच पर साथ आए ओवैसी और रेड्डी; एक-दूसरे की तारीफों के बांधे पुल

शिक्षक दिवस पर PM नरेंद्र मोदी आज SRCC के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल, देश के छात्रों को करेंगे संबोधित

खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण मामले में बड़ा एक्शन, BJP नेता पर FIR, बेंगलुरु में SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज

Weather Alert: 5 सितंबर को MP-राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बरसेंगे बादल