कोर्ट ने कहा बच्चे संपत्ति या खिलौना नहीं है
बच्चों के कस्टडी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने की टिप्पणी
कोर्ट ने साफ कहा माता-पिता के विवाद के बीच कस्टडी मामले में किसके साथ रहना है बच्चे की पसंद है
Children Are Not Property of Parents Supreme Court: माता-पिता के बीच बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम टिप्पणी की है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि बच्चे किसी की संपत्ति नहीं हैं, जिन्हें माता-पिता अपनी मर्जी के मुताबिक अपने पास रखने के लिए खींचतान करें। कस्टडी का फैसला करते समय अदालतों को बच्चों की भावनाओं, उनकी पसंद और उनके भविष्य को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। केवल कानूनी दावों के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि बच्चा किसके साथ रहेगा।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने 16 और 14 साल के दो नाबालिग भाइयों की कस्टडी से जुड़े मामले में यह टिप्पणी की। अदालत ने फैमिली कोर्ट और मद्रास हाई कोर्ट के पहले के आदेशों को निरस्त कर दिया। दोनों अदालतों के फैसलों में बच्चों की कस्टडी को लेकर अलग व्यवस्था की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान दोनों नाबालिग बच्चों से सीधे बातचीत की। इस दौरान लड़कों ने अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। उनकी उम्र और समझ को देखते हुए अदालत ने उनकी पसंद को महत्वपूर्ण माना। पीठ का मानना था कि बच्चों को उनकी मां से अलग करना उचित नहीं होगा, क्योंकि पिछले कई वर्षों में मां और बच्चों के बीच गहरा भावनात्मक रिश्ता विकसित हो चुका है।
अदालत ने कहा कि बच्चों के कल्याण को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए। इसी आधार पर दोनों बच्चों को मां के साथ रहने की अनुमति दी गई। हालांकि, अदालत ने पिता के अधिकारों को भी ध्यान में रखा और उन्हें बच्चों से मिलने का अधिकार यानी विजिटेशन राइट प्रदान किया।
सुनवाई के दौरान पीठ ने गार्जियन एंड वार्ड्स एक्ट के उद्देश्य पर भी ध्यान दिलाया। अदालत के मुताबिक, इस कानून का मकसद केवल यह तय करना नहीं है कि नाबालिग की शारीरिक अभिरक्षा किस अभिभावक को मिलेगी। इसके दायरे में बच्चे का स्वास्थ्य, पालन-पोषण, शिक्षा और समग्र विकास भी शामिल हैं।
पीठ ने कहा कि जब माता-पिता के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद हो, तो अदालत को सिर्फ कानूनी पहलुओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ऐसे मामलों में मानवीय संवेदनाओं और बच्चों की मानसिक स्थिति को समझना भी जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी का महत्वपूर्ण संदेश यह है कि कस्टडी की लड़ाई में माता-पिता के अधिकारों से ज्यादा बच्चे का हित मायने रखता है। अदालत ने साफ किया कि बच्चों को माता-पिता के बीच चल रहे विवाद का हिस्सा या दबाव बनाने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
पीठ ने कहा कि बच्चे न तो माता-पिता की संपत्ति हैं और न ही उनके लिए खिलौने। इसलिए कस्टडी से जुड़े फैसलों में बच्चों की इच्छा, भावनात्मक सुरक्षा और भविष्य को पर्याप्त महत्व मिलना चाहिए। अदालत का यह रुख उन परिवारों के लिए भी अहम है, जहां अलगाव या वैवाहिक विवाद के बाद बच्चों की परवरिश और अभिरक्षा को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है।