Shikhar Dhawan News: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने गहरी चिंता जताई है। हाल में बांग्लादेश में एक हिंदू महिला से बर्बरता हुई। गैंगरेप के बाद उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए गए। इस घटना ने देश में कानून व्यवस्था की कमी और अल्पसंख्यकों पर हो रहे जुल्मों को उजागर किया है। इस घटना पर शिखर धवन ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित के लिए न्याय और समर्थन की कामना की है।
शिखर धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-बांग्लादेश में एक हिंदू विधवा से हुई क्रूरता के बारे में पढ़कर दिल टूट गया। किसी के साथ कहीं भी ऐसी हिंसा अस्वीकार्य है। पीड़ित के लिए न्याय एवं समर्थन की प्रार्थना। यह घटना बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।
यह घटनाक्रम बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों की सीरीज का हिस्सा है। हाल में देश में हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बाद कई हिंदू लोगों के ऊपर हमले हुए हैं। ये विरोध-प्रदर्शन सिंगापुर में जुलाई विद्रोह के आयोजक शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़के। 25 वर्षीय हिंदू व्यक्ति की मौत मंगलवार को हुई, जब वह भीड़ से बचने को नहर में कूद गया। भीड़ ने उस शख्स पर चोरी का आरोप लगाया था। भंडरपुर गांव निवासी मिथुन सरकार को लोगों ने चोरी के संदेह में दौड़ाया था।
सोमवार को एक हिंदू व्यवसायी और अखबार के कार्यवाहक संपादक राणा प्रताप बैरागी की जशोर जिले में गोली मारकर हत्या की गई। इसी दिन 40 वर्षीय हिंदू किराना दुकानदार शरत मणि चक्रवर्ती की भी मौत हो गई। एक अन्य घटना में एक हिंदू महिला के साथ दो पुरुषों ने गैंगरेप किया। उन्होंने महिला को पेड़ से बांधकर उसके बाल काटे।
यह भी पढ़ें: हादी हत्याकांड पर बांग्लादेश में बवाल; सड़कों पर कट्टरपंथी, भारतीयों के वर्क परमिट रद्द करने की मांग
दो दिसंबर 2025 से अब तक बांग्लादेश में 11 हिंदुओं की हत्या की गई है। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद की ओर से जारी एक बयान के अनुसार दिसंबर महीने में सांप्रदायिक हिंसा की कम-से-कम 51 घटनाएं दर्ज की गईं।