RJD सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बढ़ती आबादी के आधार पर परिसीमन का समर्थन किया।
यादव ने कहा कि जनसंख्या बढ़ने के साथ सरकार की जिम्मेदारियां और लोगों की जरूरतें भी बढ़ी हैं।
प्रस्ताव के तहत राज्यों में लोकसभा सीटें अधिकतम 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना बताई गई है।
सरकार 2029 के आम चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना चाहती है।
Delimitation Bill 2026: देश में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के जहानाबाद से सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसका सीधा असर सरकारी व्यवस्था, विकास कार्यों और उपलब्ध संसाधनों पर पड़ रहा है। ऐसे में मौजूदा हालात को देखते हुए लोकसभा सीटों का नए सिरे से निर्धारण जरूरी हो गया है।
सुरेंद्र प्रसाद यादव के मुताबिक, आबादी बढ़ने के साथ सरकार की जिम्मेदारियां भी पहले के मुकाबले काफी बढ़ गई हैं। लोगों की जरूरतों को पूरा करने और विकास योजनाओं का लाभ हर क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए प्रतिनिधियों की संख्या में भी बदलाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के अनुपात को ध्यान में रखकर परिसीमन करने से आम जनता को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।
परिसीमन और महिलाओं को आरक्षण देने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में हरी झंडी दे दी है। सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इसे पेश करने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार, सभी राज्यों में लोकसभा की सीटें अधिकतम 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती हैं।
सरकार की योजना 2051 तक अलग-अलग राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का वर्तमान अनुपात बनाए रखने की है। इस बदलाव का एक बड़ा उद्देश्य 2029 के आम चुनाव से पहले महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना बताया जा रहा है।
इस प्रस्ताव पर विपक्ष के अलग-अलग दलों की राय एक जैसी नहीं है। समाजवादी पार्टी ने परिसीमन के विचार का विरोध किया है। वहीं तमिलनाडु की सत्तारूढ़ DMK ने कहा है कि विधेयक की पूरी जानकारी मिलने के बाद ही वह कोई फैसला करेगी। पार्टी चाहती है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी पर कोई असर न पड़े।
दूसरी ओर, भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने दक्षिण भारतीय राज्यों की कुल 24 प्रतिशत संसदीय हिस्सेदारी बरकरार रखने की मांग उठाई है। इन विरोधी आवाजों के बीच RJD सांसद सुरेंद्र यादव का समर्थन सरकार के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा प्रस्ताव सरकार ने अप्रैल 2026 में भी संसद से पारित कराने की कोशिश की थी। हालांकि, उस समय संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में जरूरी बहुमत नहीं मिल पाया था। इसके चलते सरकार को पीछे हटना पड़ा था। अब लगभग सात महीने बाद नए बदलावों के साथ इसे दोबारा संसद के सामने रखने की तैयारी है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर बीजेपी को घेरा है। उन्होंने इसे भाजपा की सबसे बड़ी गलती करार दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि फिलहाल देश में जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी समय में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और जातिगत जनगणना कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हर जाति को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार दिए जाएंगे।