कटक: ओडिशा के कटक में रविवार को नरगुंडी स्टेशन के पास बेंगलुरू-कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना पूर्वी तटीय रेलवे के खुर्दा रोड डिवीजन के कटक-नरगुंडी रेलवे सेक्शन में सुबह करीब 11:54 बजे के लगभग हुई है। घटना स्थल पर दुर्घटना और चिकित्सा राहत को ट्रेन के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन स्थति पर नजर रखे हुए है। इस रेल घटना पर बोलते हुए, पूर्वी तटीय रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि अभी तक किसी के भी घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
वहीं ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया, हमें 12551 कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने की सूचना मिली है। अभी तक हमें सूचना मिली है कि 11 एसी डिब्बे पटरी से उतरे हैं। कोई घायल नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। जहां तक हमें सूचना मिली है कि दुर्घटना स्थल पर राहत ट्रेन, आपातकालीन चिकित्सा उपकरण भेज दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारी भी जल्द ही मौके पर पहुंचेंगे। डीआरएम खुर्दा रोड, जीएम/ईसीओआर और अन्य सभी उच्च स्तरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं। जांच के बाद हमें पटरी से उतरने का कारण पता चलेगा। हमारी पहली प्राथमिकता मार्ग पर प्रतीक्षा कर रही ट्रेनों को डायवर्ट करने के साथ ही बहाली का काम भी शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि इसी बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है और असम सरकार ओडिशा सरकार और रेलवे के संपर्क में है। असम के सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मैं ओडिशा में 12551 कामाख्या एक्सप्रेस से जुड़ी घटना से अवगत हूं। सीएमओ ऑफिस असम सरकार ने ओडिशा सरकार और रेलवे के संपर्क में है।
हम प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क करेंगे। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने भुवनेश्वर हेल्पलाइन 8455885999 और कटक हेल्पलाइन 8991124238 पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। घटना के बारे में आगे की जानकारी अभी भी प्रतीक्षित है।