जयपुर: विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को करारी शिकस्त दी थी। अहमदाबाद में हुए इस मैच को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्टेडियम में मौजूद थे। अब इसे ही मुद्दा बनाकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की चुटकी ली और उनकी तुलना सीधे पनौती से की है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (21 नवंबर) को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए जालौर में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "वह (मोदी) क्रिकेट मैच में चले जाएंगे, वह अलग बात ही की मैच हरवा दें, पनौती! पीएम मतलब पनौती मोदी।"
https://twitter.com/INCIndia/status/1726902978123026649
राहुल गांधी ने आगे कहा, "अच्छा भला हमारे लड़के वहां वर्ल्डकप जीत जाते, लेकिन वहां पर पनौती हरवा दिया, लेकिन टीवी वाले यह नहीं कहेंगे। यह जनता जानती है।"
अब राहुल गांधी के इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी उन पर हमलावर हो गई है। इसके साथ ही सबसे बड़ी पार्टी ने राहुल गाँधी से माफी मांगने की बात कह रही है। कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘आपको क्या हो गया है, राहुल गांधी? आप देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें प्रेरित किया। जीतना या हारना खेल का हिस्सा है। राहुल गांधी को माफी मांगने की जरूरत है।’
जानकारी के लिए बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ने रविवार (19 नवंबर) को आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया था। साथ ही छठी बार विश्व कप जितने में कामयाब हो पाई थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन पर ऑल आउट हो गई थी। वहीं, 241 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 43 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर 25 नवंबर को मतदान होने वाला है। प्रदेश में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 99 सीटें जीतीं, जबकि BJP ने 73 सीटें जीतीं थीं।