Highlights:
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की महारैली होगी।
रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है।
सुरक्षा के लिए करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानकारी दी गई है।
रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
Congress Ramlila Maidan Rally: दिल्ली में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की रविवार को रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाली रैली के लिए अलग-अलग प्रदेशों से लोगों का पहुंचना शनिवार ही शुरू हो गया। इस कारण कई सड़कों पर जाम की स्थिति देखने में आई, जिस कारण अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी।
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर रैली का मैप शेयर कर कैप्शन में लिखा, 'कल मिलते हैं, साथ चलते हैं! कनॉट प्लेस, मिंटो रोड जंक्शन, अजमेरी गेट, रामलीला मैदान।' रैली के आयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस ने 20 अलग-अलग कमेटियों को सौंपी है। वहीं, रैली के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और नियंत्रण में पुलिस की मदद के लिए कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को भी तैनात किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सियासी हलचल देखने को मिली। यहां इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक अनोखा राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विपक्ष ने इसे 'जनता की अदालत में महाभियोग' नाम दिया।
सुरक्षा के मद्देनजर रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मैदान और आसपास 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के साथ बॉडी वॉर्न कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
रैली को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित करने की अनुमति दी गई है। रैली स्थल और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर करीब 450 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 1,000 पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों से लैस होंगे।
प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। किसी भी अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार रहेंगी। जरूरत पड़ने पर कैमरों की फुटेज से घटनाओं की समीक्षा भी की जा सकेगी।
पुलिस यातायात कर्मियों के साथ मिलकर रामलीला मैदान के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करेगी। भीड़ के हिसाब से प्रवेश और निकास मार्गों पर इंतजाम किए जाएंगे, ताकि लोगों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
दिल्ली पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रैली आयोजित करने पर अनापत्ति दे दी है। हालांकि, इसके लिए जमीन के मालिकाना हक वाले विभाग की पूर्व अनुमति और तय शर्तों का पालन जरूरी होगा।
आयोजकों को पर्याप्त निगरानी उपकरण, प्रतिभागियों के लिए जरूरी सुविधाएं और सार्वजनिक सौहार्द बनाए रखने की व्यवस्था करनी होगी। रैली के बाद मैदान के बाहर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को शाम 5 बजे तक कार्यक्रम खत्म कराकर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से रवाना करना होगा।
दिल्ली में महाराष्ट्र से 5000 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा है कि चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन चुनाव आयोग सत्ताधारी दल की कठपुतली बनकर घोटालों को अंजाम दे रहा है।
चुनाव महज एक दिखावा बनकर रह गए हैं और सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग का कामकाज चल रहा है। यह लोकतंत्र और संविधान के लिए बेहद घातक है। ऐसे में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन एकजुट हुआ है।