PM Modi on BRICS Summit 2026: भारत इस हफ्ते के अंत में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत दुनिया के कई बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष इसमें शामिल होने वाले हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने वाले नेताओं का स्वागत है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं, वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पोस्ट में संस्कृत का एक श्लोक भी लिखा- सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्। सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥ इसका अर्थ है कि मनुष्य को हमेशा अच्छे लोगों के साथ रहना और सज्जनों की संगति करनी चाहिए। सज्जन लोगों के साथ ही चर्चा, तर्क-वितर्क और मित्रता करनी चाहिए, जबकि बुरे लोगों से किसी भी तरह का व्यवहार या संबंध नहीं रखना चाहिए।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे दिल्ली पहुंचे। यहां विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर पुतिन को रेड कार्पेट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनका काफिला एयरपोर्ट से दिल्ली के मौर्या शेरटन होटल के लिए रवाना हो गया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच बैठक होगी, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
पुतिन के अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं। वह शनिवार यानी 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच भी द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है।