Priyanka Gandhi Kalyan Banerjee at Parliament: संसद में आज यानी गुरुवार 30 जुलाई को फिर लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। संसद के बाहर विपक्ष ने सत्ता पक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच हुई बातचीत ने सभी का ध्यान खींचा।
दरअसल, सस्पेंड किए गए TMC सांसद कल्याण बनर्जी मकर द्वार के बाहर TMC सांसदों के NCPI में विलय को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। कल्याण बनर्जी एक पोस्टर पहने हुए थे, जिसमें लिखा था और 'लोकसभा में बंगाल का 20 गद्दार' और उन सांसदों की तस्वीर भी लगी हुई थी।
तभी कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा उनके पास आईं। प्रियंका गांधी ने कल्याण बनर्जी से कहा, "आप उन्हें कांग्रेस से TMC में ले गए थे।" इस पर कल्याण बनर्जी ने जवाब दिया, "मैं भी कभी कांग्रेस के साथ था। मैं यूथ कांग्रेस का उपाध्यक्ष था। आप लोगों ने ही दीदी (ममता बनर्जी) को 1997 में पार्टी छोड़ने पर मजबूर किया था।"
इसके जवाब में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "राजीव गांधी ने हमेशा ममता बनर्जी को बढ़ावा दिया," जिस पर कल्याण बनर्जी ने भी सहमति जताई और हामी भरी।
दिल्ली में प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस सांसदों ने 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस कार्रवाई' को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान संसद के मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी भी आज फिर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर के अंदर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें - Explainer: 10 साल जेल और 10 करोड़ जुर्माना! एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा से पास, नए विधेयक में और क्या खास?
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, उन्होंने डकैती और लूटपाट की है। उन्होंने करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और अयोध्या को बदनाम किया है। भगवान उन्हें माफ नहीं करेंगे। वे अयोध्या से आए हैं और उन्हें अयोध्या से ही वापस भेजा जाएगा। वे पूरे देश से खत्म हो जाएंगे। उन्होंने भगवान राम से जुड़े आदर्शों और सम्मान का उल्लंघन किया है। हमने उन मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया है। हमारे नेता अखिलेश यादव ने उस सम्मान को बनाए रखने और उसकी रक्षा करने का संकल्प लिया है।