Nepal RSP Delegation Meets BJP Chief: नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को भाजपा के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय पहुंचा। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 'Know BJP' पहल के तहत दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में नेपाल की 'राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी' के अध्यक्ष रबी लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसकी जानकारी बीजेपी के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर भी साझा की गई।
नितिन नवीन ने उन्हें BJP की सुदृढ़ संगठनात्मक संरचना, सदस्यता अभियानों, ज़मीनी स्तर से जुड़ाव और PM मोदी के नेतृत्व में विकास-केंद्रित शासन व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान नितिन नबीन ने भाजपा की संगठनात्मक संरचना की जानकारी दी और बताया कि पार्टी बूथ स्तर तक कैसे काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ताओं और लगातार जनता से जुड़े रहने की प्रणाली में निहित है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी स्थानीय स्तर पर समस्याओं को समझकर उनका समाधान करने पर जोर देती है।
आरएसपी ने बैठक में भाजपा की सदस्यता प्रक्रिया, उम्मीदवार चयन प्रणाली और नेतृत्व विकास के तरीकों को गहराई से समझा। भाजपा नेतृत्व ने भी संगठन में योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने जैसे बातों को विस्तार से बताया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले शासन मॉडल पर भी चर्चा हुई। इसमें विकास, सुशासन, जनसेवा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रमुख आधार बताया गया। बैठक में युवा वर्ग, विशेषकर जेन ज़ी की राजनीति में बढ़ती भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि युवा लोकतांत्रिक भागीदारी को नई दिशा दे रहे हैं और भविष्य की राजनीति में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।
ये भी पढ़ें- देश में रहना है तो वंदे मातरम बोलना होगा… CM सुवेंदु का विपक्ष को दोटूक, बोले- यह सनातन संस्कृति
इस कार्यक्रम के अंत में एक अनौपचारिक लंच बैठक भी आयोजित की गई। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।
इस पूरे दौरे को भाजपा की उस पहल का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत वह दक्षिण एशिया के राजनीतिक दलों के साथ संवाद और सहयोग को मजबूत करना चाहती है। इसके पहले चीनी की वामपंथी पार्टी के प्रतिनिधि भी भाजपा मुख्यालय का दौरा करने आए थे। इस पर विपक्षी दलों ने भाजपा को निशाने पर लिया था।