इम्फाल: मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया है। बीरेन सिंह ने अपना इस्तीफा राजभवन पहुंचकर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को सौंपा है।
आपको बता दें कि मई 2023 में राज्य में शुरू हुई हिंसा के बाद से ही विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग को लेकर अड़े हुए थे। लेकिन वह अब तक अपने पद पर बने रहे। हालांकि अब उन्होंने राज्य के सीएम के पद से त्याग-पत्र दे दिया है।
भाजपा नेता बीरेन सिंह ने अपने इस्तीफे में लिखा कि अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना सम्मान की बात रही है। मैं केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं। उन्होंने समय पर कार्रवाई की, मदद की और विकास कार्य किए। उन्होंने हर मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए कई परियोजनाएं भी शुरू कीं। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि वे इसी तरह काम करते रहें।"
बताया जा रहा है कि थोड़ी देर में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी हाईकमान से बात करके नया नेता चुना जाएगा। पिछले साल के अंत में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने मणिपुर में हुई हिंसा के लिए जनता से माफ़ी मांगी थी। देश और दुनिया की सभी बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
मणिपुर से एनपीएएफ पार्टी के सांसद लोरो फोज ने बताया है कि एन बीरेन सिंह अपने विधायकों का समर्थन खो चुके थे। उन्होंने देर से इस्तीफ़ा दिया। अगर उन्होंने डेढ़ साल पहले इस्तीफ़ा दे दिया होता तो मणिपुर बच जाता, वहां के छात्रों की जान बच जाती।