ED Raid on Money Laundering Case: कर्नाटक में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंत्री और सांसद के घरों में छापेमारी की है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने बुधवार (9, सितंबर) सुबह 18 ठिकानों पर छापेमारी की, जिससे हड़कंप मच गया।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में कर्नाटक में 18 जगहों पर तलाशी ले रहा है। इनमें राज्य के मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली के घर भी शामिल हैं। प्रियंका जारकीहोली चिक्कोडी से सांसद हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ED की तलाशी 18 बार लाइसेंस जारी करने में हुई कथित गड़बड़ियों पर केंद्रित है। एजेंसी इस आरोप की जांच कर रही है कि जारकीहोली ने बार लाइसेंस दिलाने और गैर-कानूनी पैसे को विदेश भेजने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया।
जारकीहोली ने सिद्धारमैया की पहली सरकार (2013-2016) के दौरान कर्नाटक के आबकारी मंत्री के तौर पर काम किया था। ये तलाशी बेंगलुरु के पांच जगहों पर, बेलगावी और महाराष्ट्र में कई जगहों पर की जा रही है। ED की कार्रवाई में जारकीहोली के बहनोई मंजूनाथ से जुड़ी जगहें भी शामिल हैं।
एजेंसी ने पहले भी आबकारी से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में उनसे पूछताछ की थी।सूत्रों ने बताया कि जांच के शुरुआती दौर में करीब 3 करोड़ रुपये का गैर-कानूनी विदेशी फंड मिलने की बात सामने आई थी।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने 24 जून को भी छापेमारी की कार्रवाई की थी। ED के अधिकारियों ने 24 जून को बेलगावी में आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर और PWD मंत्री सतीश जारकीहोली के बहनोई, वाई. मंजूनाथ के घर छापेमारी की थी।
अधिकारियों ने उनके करीबी सहयोगियों और रिश्तेदारों के घरों की भी रेड मारी थी। मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी विदेश में गैर-कानूनी तरीके से पैसे भेजने के मामले से जुड़ी है।
बेंगलुरु में श्री मंजूनाथ के अपार्टमेंट और मैसूरु व अर्सिकेरे में उनके करीबी सहयोगियों की संपत्तियों पर भी तलाशी ली गई। मंजूनाथ, बल्लारी के पूर्व सांसद देवेंद्रप्पा के बेटे हैं। उनकी पत्नी सतीश जारकीहोली और भारतीय जनता पार्टी के विधायक रमेश जारकीहोली व बालचंद्र जारकीहोली की बहन हैं।