Highlights:
मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की।
लालकृष्ण आडवाणी को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालकृष्ण आडवाणी को फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
JP Nadda Met Lal Krishna Advani: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने आज सुबह दिल्ली के अपोलो अस्पताल का दौरा किया और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए डॉक्टरों से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि आडवाणी की हालत स्थिर है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं के चलते दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि 98 वर्षीय नेता को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे जसोला विहार स्थित अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ने बताया कि आडवाणी का इलाज चल रहा है और जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर एक बयान जारी किया जाएगा।
आपको जानकारी दें, कि लालकृष्ण आडवाणी कई बार भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रहे है और 2002 से 2004 तक भारत के उप-प्रधानमंत्री रहे। भाजपा को एक बड़ी राष्ट्रीय ताकत बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
98 वर्षीय आडवाणी को इस साल मई में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे कुछ दिनों तक अस्पताल में रहे और फिर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
दिसंबर 2024 में, पूर्व उप प्रधानमंत्री को मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया था। उस समय, वे न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में थे और अस्पताल ने बताया था कि उनकी हालत स्थिर है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, 17 दिसंबर 2024 को अस्पताल ने बताया कि लालकृष्ण आडवाणी की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि एक-दो दिनों में उन्हें ICU से बाहर निकाल लिया जाएगा।
भाजपा के इस वरिष्ठ नेता ने पार्टी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे तीन अलग-अलग मौकों पर 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक पार्टी अध्यक्ष रहे।