IIT Seats Increased JoSAA Counselling 2026: देश के प्रमुख राष्ट्रीय इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA Counselling 2026) की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस काउंसलिंग के माध्यम से छात्रों को देश की प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IITs), नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NITs), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (IIITs) व गवर्नमेंट फंडेड टेक्निकल इंस्टीट्यूट (GFTIs) में एडमिशन मिलेगा। जोसा द्वारा जारी आधिकारिक सीट मैट्रिक्स के अनुसार, इस वर्ष इंजीनियरिंग की सीटों में बड़ा इजाफा किया गया है।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के विश्लेषण के मुताबिक, साल 2026 में नेशनल इंस्टीट्यूट की इंजीनियरिंग सीटों में बीते साल की तुलना में 4,470 की बढ़ोतरी हुई है। जहां साल 2025 में कुल 62,853 सीटों पर दाखिला मिला था, वहीं साल 2026 में यह संख्या बढ़कर 67,323 हो गई है। संस्थानों की कुल संख्या भी 128 से बढ़कर 136 हो गई है, जिसमें 9 नए जीएफटीआई और देश का नंबर वन संस्थान आईआईएससी (IISc) बेंगलुरु शामिल हो गया है।
इंजीनियरिंग के प्रतिभावान छात्रों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि देश की 23 आईआईटी में सीटों की संख्या में 666 का इजाफा हुआ है। साल 2025 में आईआईटी में 18,160 सीटें थीं, जो अब साल 2026 की काउंसलिंग में बढ़कर 18,826 हो गई हैं। इसके अतिरिक्त, पहली बार आईआईएससी (IISc) बेंगलुरु की 125 बीटेक सीटों को भी जोसा काउंसलिंग के जरिए जोड़ा गया है। आईआईएससी में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, मटेरियल साइंस, मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग और मैकेनिक्स एंड कंप्यूटिंग जैसे कोर्सेज में दाखिला मिलेगा। इन दोनों को मिलाकर कुल 18,951 सीटों पर JEE Advanced के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- Haryana Court Clerk Recruitment 2026: हरियाणा कोर्ट में 1265 क्लर्क पदों पर भर्ती, 23 जून तक करें आवेदन
आईआईटी संस्थानों में सीटों की बढ़ोतरी का विश्लेषण करने पर सामने आया है कि सबसे अधिक 140 सीटें आईआईटी जोधपुर में बढ़ी हैं, जहां अब कुल 750 सीटें हो गई हैं। इसके बाद आईआईटी मंडी में 120, इंदौर और पलक्कड़ में 80-80, और हैदराबाद व जम्मू में 75-75 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। राजस्थान राज्य की बात करें तो यहां कुल 200 सीटों का इजाफा हुआ है, जिसमें आईआईटी जोधपुर की 140 और एमएनआईटी जयपुर की 60 बढ़ी हुई सीटें शामिल हैं। हालांकि, आईआईटी धारवाड़ में 30 और मद्रास में 3 सीटों की कमी भी दर्ज की गई है।