अमृतसर: पाकिस्तान को पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के बाद से ही भारतीय सेना लगातार ऑपरेशन सिंदूर के कई नए वीडियो शेयर कर रही है। जिसमें वह बताने की कोशिश कर रही है कि कैसे उन्होंने रात-दिन एक करके पाकिस्तान की हालत खराब की और उसके मंसूबों को नाकाम किया। इसी कड़ी में सेना ने एक और वीडियो शेयर किया है।
भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक नया वीडियो जारी किया है। इसमें सेना ने दिखाया कि कैसे पाकिस्तान की ओर से दागे गए ड्रोन को उन्होंने मार गिराया गया। पश्चिमी कमान ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि, हमने आसमान से लेकर जमीन तक की रक्षा की। साथ ही सेना ने पंजाब के अमृतसर में पाकिस्तान की मिसाइलों का मलबा भी वीडियो में दिखाया है।
पंजाब में पाकिस्तान के सटे सीमा पर तैनात एक जवान ने एएनआई से बात करते हुए बताया कि 8-9 मई की रात को पाकिस्तान ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी और उनका मकसद घुसपैठ करना था। लेकिन, भारतीय सेना ने दुश्मन पर सटीक फायरिंग करते हुए उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया। जिसके बाद हमारी फायरिंग का नतीजा यह हुआ कि सुबह होते-होते दुश्मन घुटनों के बल पर आकर अपनी पोस्ट पर सफेद झंडा फहरा दिया।
वहीं, भारतीय सेना ने एक डेमो करके भी दिखाया, जहां उन्होंने बताया कि कैसे सेना ने अमृतसर में स्वर्ण मंदिर की रक्षा की। इसके लिए आकाश मिसाइल सिस्टम, एल-70 एयर डिफेंस गन की मदद ली गई, जिससे पाकिस्तानी मिसाइल का खात्मा किया गया।
जानकारी के लिए बता दें कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां के डीके पोरा इलाके में सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर आतंकियों की मदद करने वाले दो शख्स को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दो पिस्तौल, चार ग्रेनेड, 43 कारतूस बरामद किए गए।