Weather Update 13 Jan 2026: भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड और कोहरे ने जनजीवन थाम दिया है। जहां राजस्थान के फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे गिर गया है, वहीं उत्तर प्रदेश और झारखंड में मौसम विभाग ने भारी शीतलहर का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम और बिगड़ेगा।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के कई जिलों में पारा लगातार दूसरे दिन माइनस में दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर और पलसाना में तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे बर्तनों में रखा पानी और फसलों पर ओस की बूंदें जम गई हैं।
राजस्थान के कई इलाकों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन पारा माइनस में दर्ज किया गया। नागौर, झुंझुनूं, फलोदी, सीकर में भयंकर ठंड पड़ रही है। यहां तक कि बर्तनों में रखा पानी जम गया। इसके साथ ही जैसलमेर, कोटपूतली- बहरोड़ के साथ कई अन्य जिलों में गाड़ियों और फसलों पर पड़ी ओस की बूंदें भी जम गई। नागौर और चूरू जैसे जिलों में भी भीषण सर्दी का सितम जारी है। घने कोहरे के कारण श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम रह गई है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भीषण ठंड को देखते हुए जयपुर सहित 11 जिलों में स्कूलों की छुट्टियाँ बढ़ा दी गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14-15 जनवरी के बाद ही यहाँ तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
झारखंड में रांची मौसम विभाग ने 13 से 17 जनवरी तक जबरदस्त शीतलहर की चेतावनी जारी की है। गुमला जिला 3.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। विभाग ने रांची, खूंटी, पलामू और बोकारो समेत 12 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में भी हालात गंभीर हैं। बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ से नोएडा तक घने कोहरे और 'कोल्ड डे' का असर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 15 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 18 जनवरी तक पूर्वी यूपी में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और ठंड में इजाफा होगा।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम (गुड़गांव) में 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम 6°C रहने की उम्मीद है। सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने और उत्तर-पश्चिम से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात को शीतलहर जैसे हालात रहेंगे। हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन तक धुंध और कोल्डवेव का प्रकोप जारी रहेगा। 15 जनवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-NCR और हरियाणा में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
यह भी पढ़ें: इंदौर में 21 मौतों पर कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’, ‘स्मार्ट सिटी’ के मोदी मॉडल पर पटवारी का बड़ा हमला
मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है, लेकिन 19 और 20 जनवरी को सीजन का पहला 'मावठा' (शीतकालीन बारिश) गिरने की संभावना है। प्रदेश के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री तक गिर गया है। वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई में सर्दियों के बावजूद धूप और उमस परेशान कर रही है। मुंबई में अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 23°C के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं दिखेगा। हालांकि, उत्तरी महाराष्ट्र के जिलों जैसे नासिक और धुले में न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के बीच रहने से हल्की ठंड बनी रहेगी।