Kaisa Rahega Aaj Ka Mausam: देशभर में मानसून की आहट और मौसम का बदलता मिजाज भीषण गर्मी की मार झेल रहे देशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लेकर अरब सागर तक मौसम का सिस्टम तेजी से सक्रिय हो चुका है और मानसून की आहट साफ सुनाई देने लगी है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और केरल में इसकी एंट्री के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले कुछ घंटों में मानसून केरल पहुंच सकता है, जिससे दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर शुरू होगा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों और दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। कई राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही धूलभरी आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा भी बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और द्रोणिका जैसे कई सिस्टम एक साथ सक्रिय होने के कारण उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में मौसमी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौसम विभाग ने इस सप्ताह केरल, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश समेत लगभग 17 राज्यों में बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली-NCR: अगले दो दिनों के दौरान राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। शाम के समय 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।
उत्तर प्रदेश: 4 से 6 जून तक वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज और मेरठ जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजस्थान: एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जयपुर, जोधपुर और बीकानेर समेत कई जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने का अनुमान है।
बिहार: राज्य में मौसम का मिला-जुला रूप दिखेगा। जहां दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में लू चल सकती है, वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे सुपौल, अररिया और किशनगंज में बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ी राज्य: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें:- Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे भारी, पारा 3 डिग्री गिरेगा; जानें आपके शहर का मौसम कैसा होगा?
खराब मौसम को देखते हुए IMD ने लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। खुले मैदानों में खड़े होने से बचने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त, किसानों को अपनी तैयार फसल और पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।