INDIA Alliance Meeting Delhi: सोमवार को दिल्ली में विपक्षी इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक होने वाली है, लेकिन इससे पहले INDIA ब्लॉक में घमासान मच गई है। ऐसा इसलिए है क्योंकि गठबंधन में शामिल कुछ दलों ने कांग्रेस के हालिया फैसलों को लेकर नाराजगी जताई है। जिससे गठबंधन में मतभेद की खबरें तेज हो गई हैं।
कांग्रेस ने सोमवार को इंडिया गठबंधन की दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। डीएमके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद कांग्रेस के गठबंधन तोड़ने के फैसले पर अपनी नाराजगी जताई है। इसी बीच सीपीएम और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी कांग्रेस को आंख दिखाना शुरू कर दिया है।
CPI(M) के जनरल सेक्रेटरी और दिग्गज नेता एमए बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने केरल के पूर्व मुख्यमंंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई है। इसके अलावा उन्होंने चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा लेफ्ट के खिलाफ चलाए गए अभियान पर अपनी नाराजगी जताई है। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी झारखंड की राज्यसभा सीटों को लेकर कांग्रेस के एकतरफा फैसले पर नाराजगी जताई है। सूत्रों के अनुसार, जेएमएम राज्यसभा चुनाव में अपना दूसरा उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रही है। अगर ऐसा होता है तो यह इंडिया गठबंधन के लिए बुरी खबर होगी।
दूसरी तरफ डीएमके ने INDIA गठबंधन की बैठक का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। तमिलनाडु में चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस द्वारा डीएमके से अलग होकर टीवीके के साथ सरकार बनाने से पार्टी नाराज बताई जा रही है।
इस बीच भाजपा ने भी विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि INDIA गठबंधन के पास न कोई मिशन है और न कोई विजन। उनके अनुसार गठबंधन के सहयोगी दल लगातार आपसी विवादों में उलझे हुए हैं, जिससे इसकी एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीएमके बैठक से दूर है, जेएमएम और कांग्रेस के बीच राज्यसभा सीटों को लेकर विवाद है, जबकि लेफ्ट दलों ने कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा है। पूनावाला के मुताबिक, यह गठबंधन केवल कागजों पर मौजूद है और इसके भीतर गहरे मतभेद हैं।