HIGHLIGHTS
भारत में सबसे पहले सन् 1952 में परिसीमन हुआ था।
तब से लेकर 4 बार 1952, 1963, 1973, 2002 में परिसीमन हो चुका है।
सन् 1973 के बाद 2026 में लोकसभा की सीटें कुल 50 सालों बाद बढ़ने वाली हैं।
Delimitation Bill Since 1952: भारत में परिसीमन विधेयक को लेकर इतिहास 70 साल से भी ज्यादा पुराना है। देश में सर्वप्रथम सन् 1952 में परिसीमन हुआ था। उस वक्त परिसीमन आयोग अधिनियम, 1952 के तहत इसे पारित किया गया।
क्रमश: 1963, 1973 में परिसीमन किया गया। इसके बाद 2002 में भी परिसीमन किया तो गया था लेकिन लोकसभा की सीटें नहीं बढ़ाई गई थीं। ऐसे में कायदे से देखा जाए तो अब सन् 1973 के बाद 2026 में लोकसभा की सीटें कुल 50 सालों बाद बढ़ने वाली हैं।
बता दें कि आजादी के बाद से अब तक भारत में 3 बार परिसीमन के दौरान लोकसभा की सीटें बढ़ाई गईं। 1951-52 के बीच आजादी मिलने के बाद पहली बार परिसीमन हुआ तो 1951 की जनगणना के आधार पर 489 लोकसभा की सीटें थी जिसे परिसीमन आयोग ने बढ़ाकर 494 सीटें कर दिया।
दूसरी पर 1963 में परिसीमन हुआ तो 1961 की जनगणना और राज्यों के पुनर्गठन के बाद सीटों की संख्या 494 से बढ़ाकर 522 कर दी गई थी। ये पहली बार जो 1967 के चुनाव में लागू हुई थी।
हमारे देश में तीसरी बार परिसीमन विधेयक 1973 में हुआ जो 1971 की जनगणना के आधार पर किया गया था। इस दौरान लोकसभा की सीटों की संख्या 522 से बढ़ाकर 542 की गई लेकिन बाद में सिक्किम के भारत में विलय पर 1 सीट जुड़ने से ये 543 सीट हो गई थी।
2002 में भारत में चौथी बार परिसीमन किया गया लेकिन ये परिसीमन थोड़ा अलग था। इस दौरान लोकसभा की सीटें बढ़ाई नहीं गईं। चौथे परिसीमन में सिर्फ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदली गई थी। जिसके बाद 1976 के 42वें और 2001 के 84वें संविधान संशोधन के जरिए सीटों की संख्या को 2026 तक के लिए फ्रीज कर दिया गया था।
बता दें कि भारत के संविधान में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या में भी समय-समय पर बदलाव किया गया। 1950 के मूल संविधान में अधिकतम सीमा 500 तय की गई थी। 1956 में हुए 7वें संविधान संशोधन में इसे बढ़ाकर 525 किया गया था। इसके बाद 1973 में 31वां संविधान संशोधन हुआ जब इसे बढ़ाकर 545 कर दिया गया।
सन् 1987 में गोवा, दमन और दीव पुनर्गठन अधिनियम के तहत अधिकतम सीमा को 552 (550 निर्वाचित + 2 मनोनीत एंग्लो-इंडियन) तक बढ़ाया गया था। जिसके बाद 2019 के 104वें संशोधन से 2 मनोनीत सीटों का प्रावधान खत्म होने के बाद अधिकतम सीमा मात्र 550 रह गई।