कोच्चि: मिश्रित नस्ल की बिल्ली ‘ईवा' पशु संगरोध एवं प्रमाणीकरण सेवा (AQCS) प्रमाणन हासिल करने के बाद कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने वाली पहली पालतू जानवर बन गई है। कोचीन अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (CIAL) द्वारा बीते गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘ईवा' एअर इंडिया की उड़ान एआई954 में दोहा से यहां सुबह 10 बजकर 17 मिनट पर पहुंची।
वह त्रिशूर के चेलाक्कारा निवासी के ए रामचंद्रन की पालतू जानवर है। विज्ञप्ति के अनुसार, सीआईएएल ने जुलाई में अपनी ‘पेट एक्सपोर्ट' सुविधा शुरू की जिसके बाद से ही यह यात्रियों को लोकप्रिय हो गई।
इस जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्रीय पशुपालन विभाग के तहत एक्यूसीएस अनुमोदन वाला सीआईएएल केरल का एकमात्र हवाई अड्डा है जो पालतू जानवरों को लेकर आयात-निर्यात सेवाएं प्रदान करता है। विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘ईवा' के बाद CIAL पर बेल्जियम से एक कुत्ता भी पहुंचने वाला है जो आगामी शनिवार, 30 नवंबर की सुबह उतरेगा।
जानकारी दें कि, इससे पहले केरल का कोचीन अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड एकमात्र हवाई अड्डा बन गया था, जिसे विदेश में पालतू जानवरों को निर्यात करने की भीअनुमति है। इस सेवा में चौबीसों घंटे वातानुकूलित पालतू पशु स्टेशन, एक विशेष कार्गो अनुभाग, कॉल पर पशु चिकित्सक, सीमा शुल्क निकासी केंद्र और पालतू जानवरों के साथ आने वाले व्यक्तियों के लिए एक सुविधा केंद्र भी शामिल है। इससे पहले, CIAL के पास केवल पालतू जानवरों के घरेलू प्रस्थान और आगमन के लिए प्राधिकरण था।
वहीं पालतू जानवरों के निर्यात और आयात की सुविधा के अलावा, CIAL को पहले से ही फलों और पौधों के निर्यात और आयात की अनुमति है। इसे सुविधाजनक बनाने के लिए, कार्गो सेक्शन के पास एक 'प्लांट क्वारंटीन' केंद्र भी यहां मौजूद और चालू है। (एजेंसी इनपुट के साथ)