Nepal Earthquake News: शुक्रवार सुबह लद्दाख के लेह में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.9 मापी गई। यह भूकंप आज, 27 मार्च को सुबह 08:31 बजे आया।
नेपाल में भी एक और भूकंप महसूस किया गया, जिसमें रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 थी। यह भूकंप नेपाल के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के सुदूरपश्चिम प्रांत में हुआ। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (NEMRC) के अनुसार, भूकंप के झटके सुबह 8:32 बजे महसूस किए गए। इसका केंद्र दार्चुला जिले के मुरई क्षेत्र के पास था। भूकंप के झटके बैतड़ी और बझांग जिलों में भी महसूस किए गए।
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले में भी मंगलवार शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (ISR) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र राजकोट से लगभग सात किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में था, और इसकी गहराई 15 किलोमीटर थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों के अनुसार, झटके बहुत हल्के थे और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- अगले 48 घंटे भारी, दिल्ली-UP समेत इन 5 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इसी प्रांत में सोमवार दोपहर एक और भूकंप आया था, जिसमें रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 थी। इसका केंद्र बाझंग जिले के रायल क्षेत्र के पास था। इस भूकंप के झटके इतनी तीव्रता से महसूस किए गए कि पड़ोसी जिलों जैसे बाजुरा और बैतड़ी में लोग दहशत में आकर खुले मैदानों की ओर दौड़ने लगे थे। नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में पिछले कुछ दिनों से भूकंपीय गतिविधियाँ लगातार जारी हैं। इससे पहले, 17 मार्च को भी दार्चुला जिले में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था।