सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
देश

महिला आरक्षण से 50% सीटों तक, सरकार ने परिसीमन के नए बिल में 6 बड़े बदलाव, जानें क्यों खास है नया विधेयक

Delimitation Second Bill 2026: महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए केंद्र सरकार नया परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी में है। इसमें लोकसभा और विधानसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • केंद्र सरकार महिला आरक्षण जल्द लागू करने के लिए नया परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।

  • सरकार लोकसभा में लंबित परिसीमन बिल, 2026 को वापस लेने का प्रस्ताव रखेगी।

  • नए विधेयक में लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है।

  • संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में जरूरी विशेष बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।

Women's Reservation Bill 2026: महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए केंद्र सरकार ने परिसीमन को लेकर नया फैसला लिया है। सरकार अब परिसीमन बिल, 2026 की जगह परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाने की तैयारी कर रही है। नए बिल में लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसका मकसद संविधान के आर्टिकल 334A के तहत महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण को जल्द लागू करना है।

सरकार ने साफ किया है कि लोकसभा में पहले से लंबित परिसीमन बिल, 2026 को वापस लिया जाएगा। इसकी वजह यह है कि नए बिल में पुराने बिल के मुकाबले कई बड़े बदलाव किए गए हैं। कानून और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 27 नवंबर 2026 को इस बिल को वापस लेने से जुड़ा आधिकारिक दस्तावेज जारी किया।

लोकसभा में पास नहीं हुआ था बिल

दरअसल, सरकार ने 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में परिसीमन बिल, 2026 के साथ संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश किए थे। इन बिलों का मकसद परिसीमन आयोग बनाना और लोकसभा व विधानसभा की सीटों का नए सिरे से बंटवारा करना था।

संविधान संशोधन बिल पर 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में चर्चा हुई थी। हालांकि, 17 अप्रैल को यह बिल जरूरी विशेष बहुमत हासिल नहीं कर पाया। संविधान के आर्टिकल 368 के मुताबिक, संविधान में बदलाव करने वाले किसी भी बिल को पास कराने के लिए विशेष बहुमत जरूरी होता है। इस बिल के पास नहीं होने के कारण इससे जुड़े परिसीमन बिल और केंद्र शासित प्रदेश कानून में बदलाव वाले बिल पर भी आगे काम नहीं हो सका। इस तरह परिसीमन बिल, 2026 लोकसभा में ही लंबित रह गया।

राज्यों की सीटों पर उठे थे सवाल

संविधान संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान कई राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठे थे। चिंता जताई गई थी कि परिसीमन होने पर लोकसभा में अलग-अलग राज्यों की सीटों की संख्या पर क्या असर पड़ेगा। इसकी एक बड़ी वजह राज्यों में जनसंख्या बढ़ने की अलग-अलग दर है।

सरकार ने अपने दस्तावेज में बताया है कि इन सवालों को ध्यान में रखते हुए नए परिसीमन की व्यवस्था पर दोबारा विचार किया गया है। सरकार का कहना है कि नए नियम ऐसे होने चाहिए, जिससे राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ी चिंताओं का समाधान हो सके और लोगों का प्रतिनिधित्व भी बना रहे।

सीटों में 50% बढ़ोतरी की तैयारी

नए परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 में सबसे बड़ा बदलाव सीटों की संख्या को लेकर किया गया है। इसके तहत संविधान (132वां संशोधन) अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद जब पहली बार परिसीमन होगा, तब लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।

इसका मतलब है कि परिसीमन शुरू होने से ठीक पहले जितनी सीटें होंगी, उनमें 50 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें जोड़ी जाएंगी। सरकार का कहना है कि इससे ज्यादा लोगों को संसद और विधानसभा में प्रतिनिधित्व मिलेगा। साथ ही सभी राज्यों में सीटें एक ही अनुपात में बढ़ने से राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात भी बना रहेगा।

नए बिल में हुए 6 बड़े बदलाव

सरकार ने पुराने परिसीमन बिल की जगह नया बिल लाने के लिए कई बदलाव किए हैं। इनमें प्रमुख बातें ये हैं:

  • महिला आरक्षण लागू करने पर जोर: नए बिल में लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने की व्यवस्था को शामिल किया गया है। इसके साथ ही सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव भी किया जाएगा।

  • आयोग का जल्द गठन: नया कानून लागू होने के बाद केंद्र सरकार जल्द से जल्द परिसीमन आयोग बनाएगी। पहले के बिल में आयोग के गठन के लिए 'समय-समय पर' का प्रावधान था।

  • जनगणना के नए आंकड़े: नए बिल में जनसंख्या की पुरानी परिभाषा हटा दी गई है। अब कानून लागू होने की तारीख तक जारी नवीनतम जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया जाएगा।

  • आयोग की जिम्मेदारी बदली: नए बिल के तहत आयोग लोकसभा की सीटों के बंटवारे और राज्यों की विधानसभा सीटों की कुल संख्या तय करेगा। निर्वाचन क्षेत्रों का बंटवारा भी नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होगा।

  • महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें बदलेंगी: महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का बंटवारा रोटेशन के आधार पर किया जाएगा। यानी समय के साथ आरक्षित सीटें बदल सकती हैं। इसका तरीका परिसीमन आयोग तय करेगा।

  • सीटों की संख्या में 50% बढ़ोतरी: नए बिल में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान जोड़ा गया है, ताकि महिलाओं के आरक्षण को जल्द लागू किया जा सके।

पुराना बिल वापस क्यों होगा?

सरकार का कहना है कि नए परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 में पुराने बिल के मुकाबले काफी बदलाव किए गए हैं। इसलिए पुराने बिल को जारी रखने के बजाय उसे वापस लेना जरूरी है।

इसी वजह से सरकार ने लोकसभा में लंबित परिसीमन बिल 2026 को वापस लेने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए लोकसभा के कामकाज और कार्य संचालन से जुड़े नियम 110 के उपखंड (b) का इस्तेमाल किया जाएगा। अब सरकार नए बिल के जरिए परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। 

मजबूरी में कर रहे समर्थन... शरद पवार ने कांग्रेस को भेजा संदेश; सांसदों की बीजेपी से हो गई है बात!

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

'वोट चोर, गद्दी छोड़' वाले वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़ी याचिका खारिज

Delimitation Bill: UP में 120, महाराष्ट्र में 72 सीटें! किस राज्य में कितनी होंगी लोकसभा सीटें? देखें लिस्ट

वड़ा पाव, मिसल पाव के दीवाने हैं रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस की ड्रेसिंग रूम में भी पहुंचता है स्ट्रीट फूड