Congress NEET Candle March: NEET/CBSE मुद्दों पर छात्रों के समर्थन में और छात्रों पर हुए बर्बर हमलों की निंदा करते हुए, 25 जुलाई 2026 को जिला स्तर पर कैंडललाइट मार्च और सत्याग्रह करेंगी। कांग्रेस संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटी को कैंडललाइट मार्च निकालने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी छात्रों के साथ आने और कैंडललाइट मार्च में शामिल होने की अपील की है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने शनिवार 25 जुलाई यानी आज देशभर में जिला स्तर पर कैंडललाइट मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने का फैसला किया है। यह कार्यक्रम NEET और CBSE से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों को एकजुट करने के लिए किया जा रहा है।
NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शनों पर केसी वेणुगोपाल ने कहा, "छात्रों की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, दिल्ली पुलिस द्वारा कथित ज्यादतियों की जांच हो, छात्रों के खिलाफ मामले वापस लिए जाएं और जिन छात्रों की मौत हुई है, उनके परिवारों को मुआवजा दिया जाए। हमारा मानना है कि सरकार को ये मांगें माननी चाहिए।"
https://twitter.com/INCIndia/status/2080574375343079662
मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देशों के अनुसार, यह कैंडलमार्च हर जिले में कांग्रेस समिति द्वारा निकाला जाएगा। जिला कांग्रेस समिति के नेतृत्व में मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा और वहीं मार्च का समापन होगा।
आपको जानकारी दें, कि दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले के विरोध में कोकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए शनिवार (25 जुलाई) सुबह 7.30 बजे से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की।
यह घोषणा नीट पेपर लीक विवाद को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच की गई है। इन प्रदर्शनों में भारी भीड़ जुटी है और राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीएमआसी के अनुसार, पूरे नेटवर्क में कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जो स्टेशन बंद रहने वाले हैं, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली, शामिल हैं। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ट्रेन सेवाएं केवल धौला कुआं और यशोभूमि द्वारका सेक्टर 25 के बीच ही उपलब्ध रहेंगी।