छठ पूजा सोर्स-सोशल मीडिया
देश

Chhath Puja LIVE: आस्था की डुबकी, भक्ति का उजास... उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए की छठी मैया से कामना।

आशीष शुक्ला

LIVE: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन

लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए अस्थायी घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित देश के कई राज्यों में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचे। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

इस अनुष्ठान के साथ ही खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हुआ। सूर्यदेव को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने पारण किया तथा परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण कर पर्व का समापन किया।

छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, संयम, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व लोकआस्था और भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों को दर्शाता है।

LIVE: पीएम मोदी ने दी छठ की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के समापन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो गया। प्रकृति को समर्पित इस पावन पर्व में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने छठी मैया से प्रार्थना की कि वह देशभर में व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं और उनके परिवारों पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखें।

LIVE: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ITO स्थित छठ घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व के अंतिम दिन ITO स्थित छठ घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की आराधना की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

LIVE: बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर किया पूजा-अर्चना

दिल्ली में छठ पूजा के अंतिम दिन बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठी मैया की आराधना की।

LIVE: बीजेपी सांसद रवि किशन गोरखपुर में पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचे

छठ पूजा के अंतिम दिन बीजेपी सांसद रवि किशन गोरखपुर में पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने सिर पर छठ पूजा की सामग्री से भरा दौरा (टोकरी) उठा रखा था।

इस मौके पर रवि किशन ने कहा कि वह गोरखनाथ मंदिर में हैं, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देवी मां की भक्ति में लीन है। उन्होंने सभी की मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की। साथ ही भोजपुरी और हिंदी भाषी समुदाय के लोगों को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

रवि किशन ने कहा कि भारत के साथ-साथ कैलिफोर्निया, अमेरिका, कनाडा, लंदन और यूरोप समेत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जहां भी छठ महापर्व मनाया जा रहा है, वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं को उनकी ओर से ढेरों शुभकामनाएं हैं।

Chhath Puja 2026: छठ के समापन पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं, छठी मैया से की ये खास प्रार्थना

नितिन नबीन ने परिवार के साथ मनाई छठ पूजा, पत्नी दीपमाला के साथ उगते सूर्य को दिया अर्घ्य; देखें VIDEO

दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, परिसीमन बिल पास कराने की तैयारी!

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

कांग्रेस का चलो दिल्ली कार्यक्रम टला, 26 नवंबर के लिए नया प्लान; अब क्या करने जा रहे राहुल गांधी?