Chhath Puja 2026 Live Updates: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दिया था। आज रविवार को छठ व्रती अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दे रहे हैं। इसके लिए देशभर के नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है।
सोमवार सुबह सप्तमी तिथि को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व के अनुष्ठान पूरे हो जाएंगे। घरों में छठ पूजा का विशेष प्रसाद ठेकुआ तैयार किया गया है और घाटों पर भी पूजा की तैयारियां पूरी हैं।
छठ पूजा के तीसरे दिन यानी संध्या अर्घ्य से जुड़े हर छोटे-बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के शुभ अवसर पर सभी को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान सूर्यदेव सभी को सुख, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और खुशहाली प्रदान करें। यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लाए। जय छठी मइया।''
इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "सूर्य की स्वर्णिम किरणों में आस्था का उजास हो, छठी मईया के आशीर्वाद से हर आंगन में खुशियों का वास हो। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की श्रद्धा और उदीयमान सूर्य के स्वागत की मंगल बेला हम सभी के जीवन में धैर्य, विश्वास और नवचेतना का संचार करे। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मईया की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे। छठ महापर्व की हार्दिक मंगलकामनाएं।"