BJP National President Nitin Navin: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित होने वाली इस बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन प्रदेश नेतृत्व को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ शेयर किए गए संदेश को प्रदेश अध्यक्षों तक अवगत कराएंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्यों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयारियों की समीक्षा करना माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने 18 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराने की घोषणा की है। ऐसे में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के कोर ग्रुप के बीच हुई चर्चा को भी काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनावों के अलावा विभिन्न राज्यों में होने वाले विधान परिषद चुनावों को लेकर भी रणनीतिक विचार-विमर्श किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को प्रदेश अध्यक्षों के साथ होने वाली बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की रूपरेखा पर भी चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा की अहम बैठक में संगठनात्मक रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर व्यापक चर्चा होगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष समेत कई वरिष्ठ नेता भी इस मंथन में शामिल होंगे। बैठक में राज्यों में चल रही गतिविधियों की समीक्षा के साथ संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की योजना पर विचार किया जाएगा।
इसके अलावा बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से रणनीतिक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
ये भी पढ़ें: सांसद को शोभा नहीं देता… कल्याण बनर्जी की नौटंकी पर मंत्री दिलीप घोष ने बोला हमला, कपिल सिब्बल को दी नसीहत
भाजपा की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब पार्टी का 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान' अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अभियान के तहत मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर संगठन को मजबूत करने और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व एकात्म मानववाद की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।