बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी से पूछा सवाल
चीन भेजे गए 200 लोगों के नाम और पते सार्वजनिक करने की मांग की
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का दावा साल 2018 में राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान हुई थी चीन के किन दो मंत्रियों मुलाकात
Nishikant Dubey Questions Rahul Gandhi on China Connection: बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से चीन के साथ कांग्रेस के संबंधों और 2018 में उनकी कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर दो अहम सवाल पूछे हैं।
दुबे ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी से पूछा कि यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात चीन के किन दो मंत्रियों से हुई थी? इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) के बीच वर्ष 2008 में हुए समझौते के तहत 2018 तक कथित एक्सचेंज प्रोग्राम के जरिए चीन भेजे गए 200 लोगों के नाम और पते सार्वजनिक करने की मांग की।
दुबे ने अपने सवाल में कहा कि राहुल गांधी बताएं कि 2018 में कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात चीन के किन दो मंत्रियों से हुई थी।
उन्होंने दूसरा सवाल उठाते हुए पूछा कि वर्ष 2008 में कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना के बीच हुए समझौते के बाद अदला-बदली कार्यक्रम के तहत 2018 तक किन 200 लोगों को चीन भेजा गया था। उन्होंने इन सभी लोगों की पहचान और पते बताने की मांग की।
चीन से जुड़े सवालों के साथ निशिकांत दुबे ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिवारों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या राहुल गांधी शहीद जवानों की माताओं, विधवाओं और अनाथ बच्चों से भी कहेंगे कि नक्सलवाद कुछ नहीं है?
दुबे ने दावा किया कि 47 वर्षों में पहली बार CRPF के जवानों ने लगातार 12 महीने बिना किसी ऑपरेशनल शहादत के पूरे किए हैं। उन्होंने इसे नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई और जवानों के अदम्य साहस का परिणाम बताया।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जवानों के बीच दीपावली मनाने का जिक्र करते हुए कहा कि देश की इस उपलब्धि पर सवाल उठाने के बजाय जवानों के बलिदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
इससे पहले निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट कर नक्सल के मुद्दे पर राहुल गांधी से सवाल पूछा है। उन्होंने कहा है कि नक्सलवाद की गंभीरता को लेकर पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम का सितंबर 2011 का बयान भी महत्वपूर्ण है। नई दिल्ली में 14 सितंबर 2011 को आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में माओवादी प्रभावित 60 जिलों के कलेक्टरों को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने वामपंथी उग्रवाद को भारत का सबसे हिंसक आंदोलन बताया था।
उन्होंने उस समय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा था कि आतंकवादी हिंसा में 26 लोगों की मौत हुई थी, जबकि विद्रोह की घटनाओं में 46 लोग मारे गए थे। इनमें से 27 मौतें जम्मू-कश्मीर में हुई थीं। इसके मुकाबले नक्सली हिंसा में 297 लोगों की जान गई थी।
चिदंबरम ने कहा था कि नक्सली हिंसा में मरने वालों की संख्या आतंकवादी घटनाओं में मारे गए लोगों की संख्या से लगभग दस गुना अधिक थी। उन्होंने यह भी कहा था कि नक्सल प्रभावित जिलों में शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी राज्यों की होनी चाहिए।
इस प्रकार निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी से चीन के साथ कांग्रेस के कथित समझौते और कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान हुई मुलाकातों पर जवाब मांगा है। वहीं, नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने सुरक्षा बलों के बलिदान और CRPF की उपलब्धि का हवाला देकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए हैं।