AAP ने दावा किया कि भगवंत मान को एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया
अघोषित लग्जरी सामान मिलने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया
सौरभ भारद्वाज और बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाए
Bhagwant Mann Delhi Airport Controversy: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फ्रांस दौरे से वापस लौटने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर मान को करीब तीन घंटे तक रोका गया और बाद में उनपर 50 हजार रुपये का चालान किया गया। इसे लेकर AAP नेता सौरभ भारद्वाज और पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एयरपोर्ट पर लगभग तीन घंटे तक रोका गया। उन्होंने कहा कि मान पेरिस में पंजाब के उत्पादों को लॉन्च करने के उद्देश्य से गए थे। यह दौरा केंद्र सरकार की ओर से NOC नहीं दिए जाने की चुनौती के बावजूद किया गया था। सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका अहंकार अब खत्म होना चाहिए।
वहीं, पंजाब AAP के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने इस पूरे मामले को केंद्र सरकार की ओर से भगवंत मान की विदेश यात्राओं को बार-बार मंजूरी नहीं देने, पंजाब के फंड रोके जाने और किसानों के विरोध प्रदर्शनों से निपटने के तरीके से जोड़कर देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब की तरक्की के रास्ते में बाधाएं पैदा कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को फ्रांस से लौटने के बाद भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट की कस्टम ड्यूटी डिपार्टमेंट ने रोका। इस दौरान उनके सामान में कुछ ऐसी चीजें मिली जिसकी जानकारी मान ने नही दी थी। इसे अघोषित लग्जरी सामान मानते हुए कस्टम डिपार्टमेंट ने उन पर 50 हजार रूपये का जुर्माना लगाया।
पन्नू के मुताबिक, भगवंत मान दुनिया के दूसरे सबसे बड़े खाद्य महोत्सव में पंजाब के मशहूर उत्पादों को पेश करने के लिए फ्रांस गए थे। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मुख्यमंत्री को उचित प्रोटोकॉल उपलब्ध कराया जाए। इसके बावजूद, उनके आरोप के अनुसार, पेरिस में भारतीय महावाणिज्य दूत भी मुख्यमंत्री से मिलने नहीं पहुंचे।
बलतेज पन्नू ने आगे सवाल उठाया कि क्या किसी भारतीय राज्य के मुख्यमंत्री को कभी इस तरह एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोका गया है? क्या किसी मुख्यमंत्री का 50 हजार रुपये का चालान काटकर इस तरह अपमान किया गया है? पन्नू ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के साथ ऐसा व्यवहार केवल इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि वे पंजाबी हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और राज्य की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रहे हैं।