Cyclone Arnab Satellite Tracker: आज सुबह-सुबह अर्नब साइक्लोन ने आंध्र प्रदेश और यानम के तटीय इलाके से एंट्री ले ली है। जिसके बाद आधे भारत में इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। इस दौरान सेटेलाइट से डरा देने वाली कई तस्वीरें भी सामने आई है। INSAT-3DS की सैटेलाइट तस्वीर में आधा भारत बादलों से घिरा दिखाई दे रहा है।
चक्रवात 'अर्नब' ने 28 अक्टूबर की रात 2 बजे से सुबह 8 बजे के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार किया। अर्नब का केंद्र नरसापुर से करीब 20 किमी. दूर दक्षिण-पश्चिम और काकीनाडा से 60 किमी. दक्षिण-पश्चिम में था। बता दें कि लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किमी प्रति घंटे थी। तट पार करने के बाद चक्रवात का केंद्र जमीन के अंदर पहुंच गया।
उधर, मौसम विभाग ने भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश, यानम (पुदुचेरी), ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश का रेड अलर्ट जारी हुआ है। झारखंड, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर तक ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अंडमान-निकोबार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते 50 से ज्यादा ट्रेनें और 21 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। चक्रवात 'अर्नब' के चलते बिगड़े मौसम को देखते हुए कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।
वहीं ANI के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के तौर पर कई फ्लाइट्स में भी फेरबदल किया गया है। उधर, इंडिगो ने भी 'X' पर जानकारी दी है कि बुधवार को राजमुंदरी, विजयवाड़ा और विशाखापट्टनम आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित रहेंगी। बता दें कि मुख्य रूप से विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और राजमुंदरी रूट की कई ट्रेनों पर इसका असर देखने को मिल रहा है।