5 People found Dead in Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के नंदयाल जिले में एक प्राइवेट होटल से एक ही परिवार के पांच लोगों का शव बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक संदिग्ध सामूहिक आत्महत्या का मामला है, जिसका खुलासा मंगलवार को हुआ। पुलिस ने मरने वालों की पहचान सुधाकर (36), गोगुला आदिलक्ष्मी (50), मल्लेश्वरी (45), श्रीदेवी (33) और मणिकांठा (15) के तौर पर की है।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले के बट्टालपल्ली गांव के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, परिवार 20 अगस्त को ऑटो से श्रीशैलम पहुंचा और होटल वड्डेरा सत्रम में रुम नंबर-11 में ठहरा हुआ था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य तीन दिन तक कमरे के अंदर ही रहे और बाहर नहीं निकले। जब कमरे से बदबू आने लगी तब होटल मैनेजमेंट को कुछ शक हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला गया। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को तीन औरतें बाथरूम में और दो आदमी पंखे से लटके हुए मिले। बाद में लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने केस दर्ज किया और मौत के हालात का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। जांच करने वाले अभी तक घटनाओं का सही क्रम पता नहीं लगा पाए हैं या यह भी पता नहीं लगा पाए हैं कि इसमें कोई और वजह भी शामिल थी या नहीं।
जांच अधिकारी श्रीशैलम पहुंचने से पहले परिवार की गतिविधियों, सत्रम में उनके ठहरने और दूसरे हालात की भी जांच कर रहे हैं, जिनसे यह समझने में मदद मिल सकती है कि मौतें किस वजह से हुईं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम जांच और परिवार के आर्थिक और पर्सनल हालात की जांच से सामूहिक आत्महत्या के पीछे और जानकारी सामने आ सकती है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक ही परिवार के पांच लोगों का शव यहां से बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि परिवार स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं और आर्थिक तंग के कारण ऐसा कदम उठाया है।
मामले से जुड़े सभी जानकारियों जुटाने से पहले पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं शवों को पोस्टमार्टेम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।