Amit Shah Speech In Lok Sabha On Women Reservation Bill: केंद्रीय गृह मंत्री अमति शाह लोकसभा में महिला आरक्षण बिल और परिसीमन को लेकर सरकार का पक्ष रख रहे हैं। इस बीच उन्होंने एक बड़ी बात कही। शाह ने साफ शब्दों में कहा कि अगर 2029 में महिला आरक्षण देना है तो परिसीमन जरूरी है। आपको बता दें कि सदन में विपक्षी दल परिसीमन पर सरकार को घेर रहे हैं, ऐसे में अमित शाह का यह बयान साफ दर्शाता है कि केंद्र सरकार इस बिल को लागू करने की पूरी तैयारी में है।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर भी जमकर निशाना साधा, शाह ने साफ कहा कि इस बिल का किसी ने विरोध नहीं किया लेकिन इंडिया गठबंधन ने इसका विरोध किया है।
अमित शाह ने अपने बयान में साफ कहा कि महिला आरक्षण के लिए जो संविधान संशोधन है उसका किसी ने विरोध नहीं किया। सबने कहा कि हम इसका स्वागत करते हैं पर INDI गठबंधन के सभी सदस्यों ने अगर, मगर, किंतु, परंतु इसका उपयोग करके स्पष्ट रूप से महिला आरक्षण का विरोध किया है। कई जगह ऐसा दिखाई दिया कि विरोध हमारे दृष्टिकोण की जगह हमारे क्रियान्वयन के तरीके से है लेकिन मैं देश की जनता को स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह विरोध हमारे क्रियान्वयन के तरीके का नहीं बल्कि सिर्फ और सिर्फ महिला आरक्षण का ही है।
अमित शाह ने सदन में यह जानकारी दी कि मोदी सरकार में 40% ओबीसी हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि ओबीसी आयोग को मोदी सरकार में ही मान्यता दी गई, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ओबीसी की सबसे बड़ी विरोधी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल पर बहस का जवाब देते हुए कहा कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल, इन पांच राज्यों का 543 सीटों में अभी प्रतिनिधित्व 129 है यानि 23.76% है। 50% वृद्धि के बाद जब हम पांचों राज्यों की सीटों का आवंटन करते हैं तो यह 129 से बढ़कर 195 होती है, जिसका 816 में 23.87% प्रतिनिधित्व होगा।
यह भी पढ़ें: क्या है ‘नंबर 16’ की पहेली? संसद में जिक्र कर राहुल ने सरकार को घेरा; बोले- जल्द खुलेगा राज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी जिसमें अखिलेश यादव ने मुस्लिम महिलाओं को आरक्षण देने की बात कही थी। अमित शाह ने साफ कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा।