आप नेता मेहराज मलिक के साथ जम्मू कश्मीर विधानसभा में धक्कामुक्की पर खफा आप 
देश

Jammu Kashmir विधानसभा में मेहराज मलिक पर हमले से खफा AAP, कहा- गुंडागर्दी करने पर तुले हैं BJP नेता

आप के एकमात्र जम्मू कश्मीर विधायक मेहराज मलिक पर हमले की आप नेताओं ने निंदा की है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के नेता जनता की आवाज उठाने वाले को दबाते हैं। वे गुंडागर्दी करने पर उतारू हो गए हैं।

यतीश श्रीवास्तव

नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर विधानसभा में रोज हंगामा हो रहा है। सत्ता पक्ष के नेता सदन में वक्फ कानून को लेकर चर्चा करने की मांग पर अड़े हैं और स्पीकर इस मसले पर चर्चा की अनुमति नहीं दे रहे हैं। इस दौरान सत्ता पक्ष और सहयगोगी दलों के साथ भाजपा के विधायकों के बीच काफी तूतू-मैंमैं हो रही है। बुधवार को आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक के साथ तो भाजपा विधायकों की सदन में धक्कामुक्की भी हो गई थी जिससे मामला गरमा गया था। इस प्रकरण पर अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने विरोध जताया है।

जम्मू कश्मीर विधानसभा में मेहराज मलिक और भाजपा नेताओं के बीच झड़प के साथ धक्कामुक्की भी हो गई थी। इस मामले में अरविंद केजरीवाल ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सदन में कभी किसी को बोलने नहीं देती है। मेहराज मलिक जनता की आवाज उठा रहे थे। भाजपा हमेशा जनता की आवाज उठाने वाले को दबाने का काम करती है।

जनता की आवाज को दबा नहीं सकती भाजपा आप संयोजक केजरीवाल ने आप विधायक मेहराज मलिक पर हमले की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया है, "आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक पर भाजपा का हमला बेहद निंदनीय है। यह भाजपा की हताशा को दर्शाता है। मेहराज मलिक केवल जनता के सवाल उठा रहे थे। भाजपा जनता की आवाज नहीं दबा सकती।"

सोशल मीडिया पर आप नेताओं ने BJP को घेरा

आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 'एक्स' पर कहा है, "भाजपा नेता पूरे देश में गुंडागर्दी करने पर तुले हुए हैं। ऐसा मत सोचिए कि मेहराज मलिक अकेले आप विधायक हैं। वह अकेले ही भाजपा के गुंडों से लड़ने के लिए काफी हैं।" आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी पोस्ट करते हुए निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा के गुंडों का बहुत शर्मनाक आचरण। वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आम आदमी पार्टी के एक भी निर्वाचित विधायक को बर्दाश्त नहीं कर सकते।"

मेहराज मलिक की हिन्दुओं पर दिए बयान से बढ़ा था मामला

इससे पहले बुधवार को भाजपा नेताओं ने हिंदुओं पर मेहराज मलिक की टिप्पणी के बाद जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हाथापाई हो गई थी जिसके बाद कई विधायकों को अधिकारियों ने बाहर निकाल दिया था। भाजपा के कुछ विधायकों ने मेहराज मलिक की कथित टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू तिलक लगाते हैं लेकिन हर समय पाप करते हैं। भाजपा विधायक विक्रम रंधावा, जो हाथापाई के समय विधानसभा में थे, ने मलिक की टिप्पणी की निंदा की थी। उन्होंने कहा था, "आज उन्होंने हिंदुओं का अपमान किया है, क्या वह जो चाहेंगे करेंगे?

जयंती विशेष: गांधी जी ने की थी चोरी, फिर पिता को लिखी चिट्ठी; पढ़कर आंखों में आ गए थे आंसू

जयंती विशेष: गांधी जी ने क्यों चुना था वर्धा का सेवाग्राम? जानें साबरमती से सेवाग्राम तक की पूरी कहानी

Mahatma Gandhi Jayanti: महात्मा गांधी को करीब से समझना है तो पढ़ें ये 3 किताबें

जन्मदिन विशेष: जब सरोजिनी नायडू ने महात्मा गांधी को प्यार से पुकारा था मिकी माउस, जानिए वो मजेदार किस्सा

बंगाल में पूर्व जस्टिस इंद्रजीत चटर्जी ने की SIR ड्यूटी से हटने की मांग! पत्र में किया परेशानी का जिक्र