आज की ताजा खबर LIVE: पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक अपाचे हेलीकॉप्टर ने नांगलपुर क्षेत्र में आपातकालीन लैंडिंग की। घटनास्थल पर सेना के अधिकारी पहुंचे।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक और चौथे सबसे बड़े गैस खरीदार भारत के पास आने वाले महीनों के लिए तेल एवं गैस की पर्याप्त आपूर्ति है। इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के साथ उन्होंने यह बात कही। मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा कि उन्होंने भारतीय तेल उद्योग के प्रमुखों के साथ ऊर्जा उपलब्धता परिदृश्य की नियमित समीक्षा की। उन्होंने कहा, ''भारत की ऊर्जा रणनीति ऊर्जा की उपलब्धता, किफायत और स्थिरता को सफलतापूर्वक साधने पर आधारित है। हमारे पास आने वाले महीनों के लिए पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति है।''
बाटला हाउस तोड़फोड़ मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने बुलडोजर एक्शन पर अंतरिम रोक लगा दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास शुक्रवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया, जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में उत्पन्न ताजा हालात की जानकारी दी। पीएम मोदी ने इस बातचीत की जानकारी खुद सोशल मीडिया के जरिए साझा की।
इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए भयंकर हमलों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि, "मैंने ईरान को कई बार अवसर दिया, लेकिन ईरान नहीं माना उन्होंने कहा कि अब समझौता कर लो, नहीं तो अगली बार सब कुछ समाप्त हो जाएगा"
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया के बोइंग 787-8/9 ड्रीमलाइनर विमानों पर सुरक्षा निरीक्षण बढ़ाने का आदेश दिया है। ये फैसला अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना के मद्देनज़र लिया गया है, जिसमें एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश मामले में 2 डॉक्टरों ने मुआवजे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी है। और मामले का स्वत:संज्ञान लेने की मांग की है।
पीएम मोदी ने विजय रूपाणी के परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं यह मानने को तैयार नहीं हूं कि विजयभाई अब नहीं रहे। मैं उनसे वर्षों से जुड़ा रहा हूं। हमने कई चुनौतीपूर्ण समय में कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। सरल और सौम्य स्वभाव वाले विजयभाई बहुत मेहनती और पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध थे।
बीजेपी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस द्वारा की गई कथित टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे ‘शर्मनाक' करार दिया। पार्टी ने कहा कि विपक्षी दल ने अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना को लेकर उस समय राजनीति शुरू की जब देश पीड़ितों की मौत पर शोक मना रहा है। भाजपा की यह टिप्पणी कांग्रेस द्वारा विमान दुर्घटना के बाद अहमदाबाद में शाह की टिप्पणी को ‘‘असंवेदनशील'' करार दिये जाने के बाद आई है।
गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयावह प्लेन हादसे में 241 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे का शिकार बोइंग विमान का एक ब्लैक बॉक्स भी मिल गया है। वहीं दूसरे ब्लैक बॉक्स की तलाश अभी भी जारी है। अब इस बॉक्स की मदद से हादसे की असली वजह पता चलोगी। इसके साथ ही फ्लाइट का डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर दोनों मिल गए हैं।
गुजरात एटीएस ने कल अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान के मलबे से एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) बरामद किया है। एटीएस के एक कर्मी ने बताया, "यह एक डीवीआर है, जिसे हमने मलबे से बरामद किया है। एफएसएल टीम जल्द ही यहां आएगी।"
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर कहा, "भगवान मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे... मुझे गहरा दुख है कि विजय रूपाणी नहीं रहे। यह जानने का विषय है कि यह सब क्यों हुआ"।
AI-171 दुर्घटना स्थल के पास रहने वाले स्थानीय व्यक्ति ने बताया, '' मेरा घर दुर्घटना स्थल से 100-200 मीटर की दूरी पर स्थित है। जब मैं वहां पहुंचा तो आग अभी भी जल रही थी। यह देखना एक भयानक दृश्य था। पूरे इलाके में आधे कटे और पूरी तरह से जले हुए शव पड़े थे। मेघानी नगर में सड़कें चालू हैं। स्थानीय यात्रियों की स्थिति अभी भी अज्ञात है"।
अहमदाबाद में बड़े हादसे के बाद पंजाब में भारतीय वायु सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर की भी पठानकोट में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। नांगलपुर क्षेत्र में एक मैदान में किन्हीं कारणों से हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
अहमदाबाद में हादसे के बाद आज थाईलैंड के फुकेट में एयर इंडिया के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। यह फ्लाइट फुकेट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरकर आ रही थी। विमान को बम की धमकी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। रॉयटर्स की एक जानकारी के अनुसार मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AI 379 फुकेट से नई दिल्ली के लिए रवाना हुयी थी, जिसमें कुल 156 यात्री सवार थे। इस फ्लाइट के टेकऑफ के बाद बम की धमकी मिलते ही फ्लाइट अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर लगाने के बाद लौटने के लिए कहा गया और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवा दी गई।
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में मृत यात्रियों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग का कार्य चल रहा है। डीएनए सैंपलिंग की जांच के बाद अन्य मारे गए लोगों की पुष्टि हो सकेगी।
अहमदाबाद में गुरुवार को प्लेन हादसे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी घटनस्थल पहुंचे हैं। वह घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे से जुड़ी जानकारी भी ले रहे हैं। वह प्लेन हादसे को लेकर समीक्षा भी करेंगे।
एयर इंडिया सूत्र के मुताबिक ईरान में उभरती स्थिति, उसके बाद उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने और हमारे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, एयर इंडिया की निम्नलिखित उड़ानों को या तो डायवर्ट किया जा रहा है या उन्हें उनके मूल स्थान पर वापस भेजा जा रहा है। रद्दीकरण या मानार्थ पुनर्निर्धारण पर रिफंड भी उन मेहमानों को दिया जा रहा है जो इसे चुनते हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंच गए हैं। वह थोड़ी देर में घटनास्थल का दौरा करेंगे। इसके बाद वह बैठक कर हादसे की समीक्षा भी करेंगे।
भाजपा नेता विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी अहमदाबाद पहुंचीं। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी उन्हें रिसीव किया। कल एयर इंडिया AI-171 विमान दुर्घटना में भाजपा नेता विजय रूपाणी की मौत हो गई।
एयर इंडिया के एमडी और सीईओ कैंपबेल विल्सन अहमदाबाद में AI-171 विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। कल विमान दुर्घटना में 241 यात्रियों की जान चली गई।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद एनडीआरएफ के जवान स्निफर डॉग के साथ एआई-171 विमान दुर्घटना स्थल पर घटना में बचे हुए लोगों की तलाश के लिए वापस लौटे। वे घटनास्थल के आसपास सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इजरायल ने ईरान पर हमला करते हुए परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान के सैन्य परमाणु ठिकानों पर हमला किया गया है। ईरान के चीफ ऑफ स्टाफ की हादसे में मौत हो गई है।
इजरायल का ईरान पर हमला कर दिया है। आईडीएफ ने तेहरान पर जमकर गोले दागे हैं। दर्जनों मिलिट्री और न्यूक्लियर साइट पर ड्रोन और मिसाइल से अटैक किया गया है। दोनों देशों की ओर से इरजेंसी की घोषणा की।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचेंगे। वह सुबह 8.30 बजे अहमदाबाद पहुंचकर विमान हादसे वाले स्थल का दौरा करेंगे। पीएम विमान हादसे को लेकर एक समीक्षा बैठक भी करेंगे।