Aaj Ki Taza Khabar: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज यानी 1 नवंबर को पार्टी की ओबीसी भाईचारा समितियों की एक अहम बैठक करेंगी। मार्च में हर जिले में इन समितियों के गठन के बाद से उनके प्रदर्शन की राज्य स्तर के पदाधिकारी हर महीने समीक्षा कर रहे हैं। मायावती खुद इन बैठकों की अध्यक्षता चार बार कर चुकी हैं और 1 नवंबर की बैठक इस श्रृंखला की पांचवीं कड़ी होगी।
तेजस्वी यादव कल मोकामा में RJD उम्मीदवार वीणा देवी के लिए प्रचार करेंगे। बता दें यह वहीं मोकामा सीट है जो अभी दुलारचंद यादव की हत्या के कारण पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रयागराज में देवउठनी एकादशी के अवसर पर बलुआ घाट पर एक लाख तेल के दीपक जलाए गए और विशेष आरती की गई।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें और उनकी टीम को मौका दिया जाए, तो वे 20 महीने में वह काम कर दिखाएंगे जो पिछले 20 सालों में नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, हिम्मत नहीं है कि अनंत सिंह को कोई छू कर दिखा दे। तेजस्वी ने सरकार पर आरोप लगाया कि यह नक़लची है और बाहरी लोग बिहार पर कब्जा जमाना चाहते हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास पर राज्य के लोक पर्व इगास में भाग लिया। उन्होंने कहा, "यह हमारा पारंपरिक पर्व है, जो हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिला है। यह हमारी लोक संस्कृति, हमारी जीवन शैली और हमारे मूल्यों को दर्शाता है। यह पर्व हममें एकता, उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है। मैं इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं।"
आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में हुइ भगदड़ पर वाईएसआरसीपी नेता महेश रेड्डी ने कासीबुग्गा मंदिर भगदड़ के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। जवाबदेही और परिवारों के लिए राहत की मांग की।
मोकामा हत्याकांड पर चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। आयोग के द्वारा दो प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शहर को UNESCO द्वारा 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' सूची में शामिल किए जाने पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "उत्तर प्रदेश के समस्त नागरिकों को बहुत-बहुत बधाई। आज सीएम योगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित करने का काम कर रहा है, उसके लिए प्रदेशवासियों को बहुत बधाईयां और शुभकामनाएं। आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को UNESCO के द्वारा 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' में शामिल करने का काम किया गया है।
महिला रोजगार योजना पर बिहार सरकार का बड़ा बयान सामने आया है, इसमें महिलाओ को दिए गए 10 हजार रुपये लौटाने की जरूरत नहीं। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1 करोड़ 50 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का सीधा फायदा मिल चुका है। इस योजना के तहत महिलाओं को अपना स्वरोजगार या छोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए 10,000 रुपए की राशि दी जा चुकी है।
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी ने 'दिल की बात' कार्यक्रम में हिस्सा लिया और गंभीर इलाज करा चुके बच्चों से बातचीत की। छह महीने पहले दिल की सर्जरी कराने वाली एक बच्ची ने बताया, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं उनसे मिल पाऊंगी। मैं आज पहली बार उनसे मिली। मैं बहुत खुश हूं..."
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक बर्तन फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्टरी आग की चपेट में आ गई। दमकल की नौ गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि स्थानीय पुलिस और बचाव दल भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
मोकामा हत्याकांड पर मोकामा से राजद उम्मीदवार वीणा देवी ने कहा, "मुझे इस घटना की जानकारी नहीं थी। मैं उस समय मरांची गांव में अपना दौरा कर रही थी, जब मुझे इस बात की जानकारी मिली तो मैं वापस लौटी और पीड़ित के परिजनों से मुलाकात की, प्रशासन जांच करने के मूड में नहीं था।"
RJD नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "उनसे कहिए कि वे बिहार को माफ करें। अब वे कितने जुमले बोलेंगे?" बता दें कि आज गृह मंत्री बिहार में चुनाव प्रचार कर रहे है।
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "25 साल पहले अटल जी की सरकार ने आपके सपनों का छत्तीसगढ़ आपको सौंपा था, साथ ही ये संकल्प भी लिया था कि छत्तीसगढ़ विकास की नई बुलंदी छूएगा। छत्तीसगढ़ आज विकास के पथ पर तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है।"
रायपुर में प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ राज्य के गठन होने के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे। पीएम शीघ्र ही सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
वेंकटेश्वर मंदिर भगदड़ पर टीडीपी प्रवक्ता ने कहा है कि यह हादसा निर्माणाधीन स्थल पर भीड़ जुटाने की वजह से हुआ है।
प्रधानमंत्री शीघ्र ही सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह श्रीकाकुलम में हुई भगदड़ की घटना से दुखी हैं और उन्होंने पीड़ितों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की। घायलों के लिए 50,000 रुपए की भी घोषणा की गई। पीएमओ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों।"
पश्चिम बंगाल के बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा- बंगाल में SIR, CAA और केंद्रीय बलों की जरूरत नहीं है। टीएमसी यहां खुद ही हार जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज जब छत्तीसगढ़ 25 वर्षों की यात्रा के अहम पड़ाव पर पहुंचा है, तो मुझे राज्य के लोगों के लिए इस नई विधानसभा का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा है कि विरोधी चुनाव में बुरी तरह हार रहे हैं और इस हताशा में मुझे और मेरी मां को अपशब्द बोले गए। रवि किशन ने धमकी देने वालों को चुनौती देते हुए कहा है कि वे अपना प्रचार नहीं रोकेंगे और दोबारा बिहार जाएंगे। भाजपा सांसद रवि किशन को बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई। इस पर शनिवार को आईएएनएस से बातचीत में रवि किशन ने कहा, "विरोधी चुनाव में बुरी तरह हार रहे हैं। इस कारण मुझे और मेरी मां को अपशब्द कहे गए हैं। लेकिन जो धमकी दे रहे हैं, उनको बता दूं कि मैं फिर से बिहार आ रहा हूं।"
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन किया। पीएम ने नए रायपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ हो गई है। हादसे में 9 श्रद्धालुओं की मौत की खबर सामने आ रही है। कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
श्रेयस अय्यर को लेकर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने अपडेट दिया है। बीसीसीआई ने कहा कि श्रेयस अय्यर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वो फिलहाल सिडनी में ही रुकेंगे। बोर्ड के मुताबिक श्रेयस की रिकवरी अच्छे तरीके से हो रही है।
राजस्थान के कोटा में बड़ा हादसा हो गया है। स्कूल वैन की बोलेरो से हुई टक्कर में दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। एक प्राइवेट स्कूल की वैन को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि 10 से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर 'डबल इंजन' सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि अब बिहारी कहलाना अपमान नहीं, सम्मान की बात है, और महिला सशक्तिकरण उनका फोकस रहा है।
मुंबई पुलिस ने महा विकास अघाड़ी (MVA) द्वारा आज आयोजित होने वाली रैली को अनुमति देने से मना कर दिया है। ये रैली वोटर लिस्ट में संभावित गड़बड़ियों के खिलाफ निकाली जा रही थी। इस रैली में उद्धव ठाकरे, शरद पवार और राज ठाकरे शामिल होने वाले थे।
प्रियंका गांधी की खगड़िया में होने वाली जनसभा स्थगित हो गई है। बारिश के कारण इस जनसभा को स्थगित किया गया है।
भाजपा सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को खेसारी लाल यादव का फैन बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ के गठन की 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए छत्तीसगढ़ जाएंगे। पीएम स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा से जुड़ी 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। इसके बाद में पीएम मोदी छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में भी भाग लेंगे, जो राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।